द देवरिया न्यूज़ : शहर के कसया रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तीन युवक एक ही बाइक पर बैठकर मोबाइल से रील बना रहे थे। हेलमेट नहीं पहनने और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण यह जानलेवा दुर्घटना हो गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे, तीन युवक बाइक पर सवार होकर शहर से कसया रोड की ओर जा रहे थे। जब वे मालवीय रोड ओवरब्रिज से उतर रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी मुन्नी देवी (40 वर्ष) पत्नी पारस से टकरा गई, जो सिंधी मिल कॉलोनी की रहने वाली थीं। टक्कर के बाद बाइक सवार सीधे सड़क पर चल रहे एक ट्रक से भिड़ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने:
मुन्नी देवी (40 वर्ष, सिंधी मिल कॉलोनी)
किशन चौहान (18 वर्ष, पुत्र भूपेंद्र चौहान, पिड़रा)
अनूप प्रसाद (19 वर्ष, पुत्र पिंटू प्रसाद, रघवापुर)
को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतकों के मोहल्लों में शोक की लहर दौड़ गई है। शहर कोतवाल इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज से उतरते समय तीनों युवक रील बना रहे थे और बाइक चला रहे थे। इसी दौरान महिला को टक्कर मारी और फिर ट्रक से जा भिड़े। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा युवाओं में सोशल मीडिया के प्रति बढ़ते जुनून और लापरवाही भरे व्यवहार की एक चेतावनीपूर्ण मिसाल बनकर सामने आया है।
इसे भी पढ़े : एबीवीपी का सुभाष चौक पर प्रदर्शन, लाठीचार्ज और मंत्री के बयान के खिलाफ जताया विरोध
➤ You May Also Like
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































