द देवरिया न्यूज़,लोकसभा : लोकसभा के शीतकालीन सत्र में बुधवार को चुनाव सुधारों पर जोरदार बहस हुई। चर्चा में हिस्सा लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा संभव नहीं है, क्योंकि चुनाव आयोग पूरी तरह स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और सरकार उसके कामकाज में दखल नहीं दे सकती।
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष ने दो दिनों तक ऐसा माहौल बनाया जैसे कि सरकार चर्चा से भाग रही हो, जबकि भाजपा-एनडीए हमेशा बहस के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का हिस्सा है और उसी के आधार पर मतदाता सूची को शुद्ध किया जाता है। उन्होंने कहा कि 2000 के बाद तीन बार एसआईआर हुआ—दो बार एनडीए सरकार के दौरान और एक बार मनमोहन सिंह सरकार में—लेकिन तब विपक्ष ने कोई आपत्ति नहीं जताई।
गृह मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध न हो तो चुनाव की पवित्रता पर सवाल उठता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर का मुद्दा उठाकर बहस को भटकाना चाहता था, जबकि सरकार व्यापक चुनाव सुधारों पर सार्थक चर्चा चाहती थी।
राहुल गांधी के ‘परमाणु बम’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा कि हरियाणा के एक घर में बड़ी संख्या में वोटर होने का राहुल गांधी का दावा गलत साबित हुआ है। उन्होंने इसे “वोट चोरी का फर्जी नैरेटिव” बताया। बहस के दौरान अमित शाह ने तीन ऐतिहासिक घटनाओं का ज़िक्र करते हुए वोट चोरी के उदाहरण भी दिए—सरदार पटेल बनाम नेहरू का मामला, इंदिरा गांधी की रायबरेली चुनाव याचिका और जजों की सुपरसिडिंग। राहुल गांधी ने शाह की प्रतिक्रिया को “डरा हुआ रिस्पॉन्स” बताया, जिसके जवाब में शाह ने कहा कि वे उकसावे में नहीं आएंगे और अपने क्रम से ही बोलेंगे।
इसे भी पढ़ें : इन्वेस्ट यूपी ने जापान में दूतावास के साथ रणनीतिक बैठक कर निवेश को बढ़ावा देने की योजना तैयार की
➤ You May Also Like






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































