Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

साइबर ठगी का नया तरीका: APK फाइल से मोबाइल हैक, सरकारी ग्रुपों में भेजे आपत्तिजनक मैसेज

Published on: August 12, 2025
New method of cyber fraud
द देवरिया न्यूज़ : देवरिया जिले के लार कस्बे के इंद्रानगर वार्ड निवासी कन्हैया चौहान साइबर ठगी का शिकार हो गए। सोमवार सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध एपीके फाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैकर के नियंत्रण में चला गया। हैकर ने चौहान के व्हाट्सएप अकाउंट से उनके सभी संपर्कों और ग्रुप्स में अश्लील वीडियो और तस्वीरें भेज दीं। इनमें एक निजी स्कूल का व्हाट्सएप ग्रुप भी शामिल था, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल संचालक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत कन्हैया चौहान ने बताया, “जैसे ही मैंने फाइल डाउनलोड की, मेरा व्हाट्सएप पूरी तरह से हैक हो गया और सभी ग्रुप्स में आपत्तिजनक सामग्री भेजी जाने लगी। लोगों के कॉल आने पर मुझे इस बात की जानकारी हुई।” बताया जा रहा है कि बिजली विभाग के अधिकारिक ग्रुप्स में भी यही अश्लील सामग्री भेजी गई थी। स्कूल संचालक ने चौहान को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। चौहान ने बताया कि यह सब हैकिंग के चलते हुआ है और उन्होंने जानबूझकर कुछ नहीं किया। हालांकि तब तक स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दे दी थी।
बाद में स्कूल प्रबंधन और पीड़ित ने संयुक्त रूप से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। लार थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश बाजपेई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी अज्ञात लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें। एसडीओ मनीष यादव ने बताया कि सभी कर्मचारियों को चेतावनी जारी कर दी गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक या फाइल को न खोलें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
साइबर एक्सपर्ट और शिक्षक शिशिर राय ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी एपीके फाइल, लिंक, अनजान कॉल, ईमेल या मैसेज में दिए गए प्रलोभन से सावधान रहें और अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करें। यदि आप साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply