द देवरिया न्यूज़/गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर-2 गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी समारोह में आई एक महिला की घर के बाथरूम में गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय शिवानी निषाद के रूप में हुई है, जिसकी लाश खून से लथपथ अवस्था में मिली। वारदात रविवार देर रात की है। घटना के बाद शादी की रस्में कुछ देर के लिए रोक दी गईं।
देर रात घर लौटी, फिर नहीं आई वापस
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अवस्थी गांव निवासी शिवानी की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। वह 21 नवंबर को अपने ताऊ बसंत निषाद की बेटी की शादी में शामिल होने मायके आई थी। ताऊ का घर उसके घर से करीब 200 मीटर दूर है। जयमाल होने के बाद रात लगभग 2 बजे वह अपने घर लौट आई थी, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर उसकी मां नोहरा देवी उसे खोजते हुए घर पहुंचीं।
उन्हें आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद बाथरूम में गईं तो वहां शिवानी की खून से सनी लाश पड़ी थी। उसकी गर्दन कटी हुई थी और हाथ की एक उंगली भी कटी थी, जिससे पुलिस को संघर्ष के संकेत मिले हैं।
हत्या के बाद शादी की रस्में रोकी गईं
शिवानी की मौत की खबर लगते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने कुछ समय तक सभी रस्में रोक दीं। सुबह होने पर बारात की विदाई कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कई संदिग्ध उठाए गए
जानकारी मिलने पर झंगहा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस शिवानी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। शादी की वीडियो और फोटो भी चेक की जा रही हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया पुलिस को सुराग
पुलिस को जांच में अहम सुराग तब मिला जब खोजी कुत्ता टोनी ने खून की गंध सूंघने के बाद शिवानी के घर के पीछे से होते हुए लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक घर के पास जाकर रुकना शुरू किया।
टीम ने तीन बार प्रयास किया और हर बार टोनी उसी घर के पास जाकर रुक गया।
गांव के कुछ लोगों ने भी दबे स्वर में बताया कि उस घर में रहने वाले एक लड़के से शिवानी की पहले बातचीत होती थी। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।
पुलिस तीन एंगल पर जांच कर रही है
शादी में पूरा परिवार शामिल था, ऐसे में कोई लुटेरा घर में घुसा हो।
शिवानी का किसी पुराने परिचित से संपर्क हो सकता है, जो मिलने आया हो।
कोई व्यक्ति चोरी के इरादे से घुसा हो और पहचान लेने पर हत्या कर दी हो।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई है। हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ। झंगहा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: बनकटा पुलिस ने गौ-तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप से आठ गोवंश बरामद; एक गिरफ्तार, साथी फरार
➤ You May Also Like
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































