द देवरिया न्यूज़/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में 24 वर्षीय मोबाइल दुकानदार अनस पुत्र इरशाद ने कथित रूप से पुलिस की प्रताड़ना और रिश्वत की मांग से तंग आकर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर जिला अस्पताल, मेरठ मेडिकल कॉलेज और उसके बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अनस 80% से अधिक झुलस चुका है और उसकी हालत बेहद नाजुक है।
आत्मदाह से पहले वायरल हुआ वीडियो, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें अस्पताल के बेड पर लेटे अनस गंभीर आरोप लगाते सुना गया। दर्द से कराहते हुए वह कह रहा है:
“पुलिस वाले 5 लाख रुपये मांग रहे थे… बहुत मारा… 50 हजार रुपये देकर छूटा हूं… पैर में गोली मार देंगे, जान से मार देंगे, ऐसा धमकाया…”
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पुलिस ने उसे किस मामले में हिरासत में लिया था।
पुलिस हिरासत पर सवाल, स्थानीय लोगों ने कहा— अपराधी नहीं था अनस
गांव के लोगों का कहना है कि अनस कोई अपराधी नहीं था और हुसैनपुर गांव में एक छोटी मोबाइल दुकान चलाता था। लोगों का आरोप है कि पुलिस उसे बिना किसी ठोस मामले के उठाकर ले गई और पैसे की मांग की गई।
गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर अनस की मौत हुई तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
SSP ने दिए जांच के आदेश, SP ग्रामीण करेंगे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह ने SP ग्रामीण आदित्य बंसल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी।
एसपी ग्रामीण ने बयान दिया:
“युवक की हालत गंभीर है, हम दिल्ली के अस्पताल से लगातार संपर्क में हैं। वीडियो में लगे आरोप बेहद गंभीर हैं। अगर किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
घटना के बाद बढ़ा तनाव, पुलिस फोर्स तैनात
गांव में आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और अनस की हालत पर नजर बनी हुई है। यह घटना एक बार फिर पुलिस व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है।
इसे भी पढ़ें : अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद अनमोल बिश्नोई गिरफ्तार, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुख्य आरोपी
➤ You May Also Like
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































