एजाज सावरिया की कहानी सोशल मीडिया की ताकत और मौके की सही पहचान का उदाहरण बन गई है। इंस्टाग्राम पर उनकी बॉलिंग रील्स को इंग्लैंड के स्टार लेग स्पिनर आदिल रशीद ने सराहा और पोस्ट पर कमेंट किया। इसके बाद एजाज अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और उनकी किस्मत ने नया मोड़ ले लिया।
कर्नाटक से राजस्थान तक का सफर
एजाज का पालन-पोषण कर्नाटक के बिदर में हुआ। उनके पिता भारतीय वायुसेना में थे, जिस वजह से परिवार को कर्नाटक में रहना पड़ा। क्रिकेट करियर की शुरुआत एजाज ने 2017 में विजय क्रिकेट क्लब से की, लेकिन तीन साल तक खेलने के बावजूद उन्हें खास सफलता नहीं मिली।
इसके बाद उन्होंने राजस्थान जाने का फैसला किया। एजाज ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में बताया,
“वहां मौके मिलना मुश्किल हो रहा था, इसलिए कोविड के बाद 2022 में मैं जयपुर आ गया।”
जिले की टीम में जगह, लेकिन मौके नहीं
जयपुर आने के बाद भी हालात आसान नहीं रहे। उन्हें जिला टीम में चुना तो गया, लेकिन मैच खेलने का मौका नहीं मिल पाया। इसी दौरान एजाज ने प्रैक्टिस के बाद अपनी बॉलिंग के वीडियो इंस्टाग्राम पर डालने शुरू किए। धीरे-धीरे उनकी रील्स पर व्यूज बढ़ने लगे।
जब आदिल रशीद ने उनकी बॉलिंग पर कमेंट किया और उनसे बातचीत हुई, तो एजाज का आत्मविश्वास और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने और ज्यादा वीडियो पोस्ट करने शुरू कर दिए, जिससे उनकी पहचान और मजबूत होती चली गई।
सीएसके और पंजाब किंग्स ने किया संपर्क
सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता का असर आईपीएल फ्रेंचाइजियों तक भी पहुंचा। एजाज ने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उनसे संपर्क किया और दो-तीन बार बातचीत भी हुई। इसके अलावा एक स्काउट ने उन्हें फोन किया।
एजाज के मुताबिक,
“सुनील जोशी सर ने मेरी रील देखी, मेरा नंबर मांगा और फिर पंजाब किंग्स ने मुझे लखनऊ में ट्रायल्स के लिए बुलाया। मैंने उन्हें इम्प्रेस किया। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद उन्होंने आईपीएल ऑक्शन के लिए मेरा फॉर्म भर दिया।”
अब बिना किसी प्रोफेशनल मैच के अनुभव के बावजूद एजाज सावरिया आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उतरने जा रहे हैं। यह कहानी साबित करती है कि टैलेंट अगर सही मंच तक पहुंच जाए, तो किस्मत भी उसका साथ देती है।