Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

यूपी विधानसभा में कफ सिरप मामले पर घमासान, अतुल प्रधान के सवालों पर सीएम योगी का तीखा पलटवार

Published on: December 23, 2025
cough syrup in UP assembly
द देवरिया न्यूज़,लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा में कफ सिरप मामले को लेकर उस वक्त सियासी माहौल गर्म हो गया, जब समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने सरकार को घेरते हुए सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस मामले में सरकार का बहुचर्चित “बुलडोजर” आखिर क्यों नहीं चला। अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि आरोपियों के नाम सामने आने के बावजूद सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और सरकार अपने लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।
अतुल प्रधान के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद खड़े हुए और बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। सीएम योगी ने कहा कि सवाल क्या है और मुद्दा क्या उठाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह “चोर की दाढ़ी में तिनका” वाली स्थिति है। बिना किसी का नाम लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में दो नमूने हैं—एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में—जो गलत तरीके से मुद्दे उठाते हैं और फिर भाग खड़े होते हैं। इस बयान के बाद सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला।
‘कोडीन कफ सिरप से यूपी में एक भी मौत नहीं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि कोडीन कफ सिरप या नकली दवाओं से मौत को लेकर विपक्ष जो दावे कर रहा है, उनका कोई प्रमाण सरकार के पास नहीं है। उन्होंने बताया कि औषधि विभाग लगातार छापेमारी और जांच कर रहा है। सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता विरोधी दल को सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है और इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सपा सरकार में जारी हुआ था लाइसेंस: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस मामले से जुड़े एक आरोपी को वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस दिया गया था। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है, जबकि इस मामले की जड़ें कहीं और जुड़ी हुई हैं। सीएम योगी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि ये लोग विदेश घूमने निकल जाएंगे और यहां हंगामा होता रहेगा।
अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं तार
सीएम योगी ने सदन में बताया कि कफ सिरप से जुड़ा एक मामला तमिलनाडु में बने सिरप से संबंधित है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मद्य निषेध लागू है, इसके बावजूद कुछ लोग नशे के लिए ऐसी चीजों का सेवन कर रहे हैं। विपक्ष पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई-लिखाई से उनका कोई वास्ता नहीं है, वे सिर्फ शोर मचाते हैं।
कार्रवाई के आंकड़े सदन में रखे
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस मामले में 79 केस दर्ज किए गए हैं, 225 लोग नामजद हैं और 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 134 जगहों पर छापेमारी की गई है। उन्होंने दावा किया कि जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों तक जाते दिखेंगे। सीएम योगी ने यह भी आरोप लगाया कि लेन-देन लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते से हुआ है।
विपक्ष का वॉकआउट
मुख्यमंत्री के जवाब के बाद सदन में कुछ देर तक शोर-शराबा चलता रहा। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया। बावजूद इसके विपक्ष ने हंगामा जारी रखा और अंततः वॉकआउट कर दिया।

इसे भी पढ़ें : दिल्ली की जहरीली हवा पुरुषों के फेफड़ों पर ज्यादा भारी, पांच साल के शोध में चौंकाने वाला खुलासा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply