द देवरिया न्यूज़ ,देवरिया। जिले में बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों पर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवरिया सदर द्वारा किए गए निरीक्षण में ग्राम पंचायत खोराराम, विकासखंड देवरिया सदर स्थित शिव किरण वैली विद्यालय गैर-मान्यता प्राप्त पाया गया। विभाग ने अब इस विद्यालय को तत्काल बंद कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह विद्यालय कई वर्षों से बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। विद्यालय में करीब 300 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय प्रशासन को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन प्रबंधन ने इन आदेशों की अनदेखी करते हुए शिक्षण कार्य जारी रखा।
बीईओ ने बताया कि बिना मान्यता के विद्यालय चलाना बेसिक शिक्षा अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसी गतिविधियां न केवल अवैध हैं बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी करती हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालय के विरुद्ध तैयार की गई जांच रिपोर्ट उप जिलाधिकारी (एसडीएम) देवरिया सदर को भेज दी गई है ताकि प्रशासनिक स्तर पर विद्यालय को शीघ्र बंद करने की कार्रवाई की जा सके।
शिक्षा विभाग ने यह भी साफ किया है कि जिले में किसी भी निजी विद्यालय को बिना मान्यता के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि भविष्य में कोई अन्य स्कूल बिना अनुमति संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीईओ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का नामांकन केवल उन्हीं विद्यालयों में कराएं जो बेसिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त हों, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में सर्पदंश की दो घटनाएं: एक बालक की मौत, दूसरा जिला अस्पताल में भर्ती
➤ You May Also Like
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































