द देवरिया न्यूज़,प्रतापगढ़ : जिले में दुष्कर्म के प्रयास के एक गंभीर मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मियों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह जानकारी शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने दी।
पूर्वी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेन्द्र लाल के अनुसार, कोतवाली पट्टी थाना क्षेत्र में 20 दिसंबर की शाम एक 10 वर्षीय बालिका के साथ जावेद उर्फ चांद बाबू (28) ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था।
एएसपी ने बताया कि 23 और 24 दिसंबर की दरमियानी रात आमापुर मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान जावेद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपी की निगरानी के लिए पुलिस उपनिरीक्षक केशव प्रसाद, कांस्टेबल विनोद सिंह, आदर्श यादव और गुलशन कुमार को तैनात किया गया था।
इसी दौरान आरोपी जावेद उर्फ चांद बाबू पुलिस कर्मियों को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। इस मामले में थाना नगर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली पट्टी के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिरोही की तहरीर पर शुक्रवार को फरार आरोपी समेत चारों तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : तरकुलवा में भीषण सड़क हादसा, दुबई से लौटे युवक की मौत, दो गंभीर घायल
➤ You May Also Like





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































