द देवरिया न्यूज़,देवरिया : जिले के पथरदेवा क्षेत्र के महुआरी स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रविवार को महुआरी प्रीमियम लीग (एमपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पथरदेवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेलही बिहार की टीम को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मौजूद रहे, जिससे खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेलही बिहार की टीम पथरदेवा के सटीक और अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी। निर्धारित सात ओवरों में बेलही बिहार की पूरी टीम मात्र 24 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पथरदेवा के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पथरदेवा की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की और पांच ओवर तीन गेंद में 26 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत के साथ ही पथरदेवा ने महुआरी प्रीमियम लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं नगर पंचायत पथरदेवा के पूर्व प्रत्याशी अजय मद्धेशिया रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशा और गलत दिशा से दूर रखकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका बताई और आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीम पथरदेवा को शील्ड के साथ 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता बेलही बिहार टीम को शील्ड और 5 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हबीब सिद्दीकी के नेतृत्व में सूर्या एकेडमी के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
फाइनल मुकाबले में पथरदेवा टीम के साहिल को ‘मैन ऑफ द मैच’ और बेलही बिहार के मोनू को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान प्रद्युम्न पांडेय और रजनीश यादव ने शानदार कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के आयोजक प्रद्युम्न पांडेय उर्फ पीडी व्लॉगर और सरफराज ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति में करीमन, अवनीश, समीर, रफीक, महबूब और हबीब सिद्दीकी की सक्रिय भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, आबकारी टीम ने तीन तस्करों को दबोचा
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































