द देवरिया न्यूज़ : राजधानी दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली है। दिन और रात के तापमान में गिरावट के साथ अब ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन महसूस की जा रही है। वहीं, एसी और कूलर के बाद अब लोगों ने पंखे भी बंद करना शुरू कर दिए हैं।
सोमवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, जिससे दोपहर में भी हल्की ठंड का अहसास हुआ। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन बादल बरसे नहीं। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आद्रता का स्तर 96 से 58 फीसदी के बीच रहा।
ठंड बढ़ाने वाला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन बर्फीली हवाओं का असर राजधानी में तापमान गिराने के रूप में दिखेगा।
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को सुबह हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने के आसार हैं, जबकि एक या दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली के सबसे ठंडे इलाके
सोमवार को आया नगर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम पारा 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा लोधी रोड, पालम और रिज क्षेत्रों में भी तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक सुबह के समय धुंध या उथला कोहरा छाया रहेगा।
29 और 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29–31 डिग्री, जबकि न्यूनतम 16–19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आसमान साफ रहेगा, दिन का तापमान 30–32 डिग्री और रात का 16–18 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम रहेगी, जिनकी रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
सर्दी की शुरुआत का संकेत
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव सर्दी के शुरुआती चरण का संकेत है। आने वाले हफ्तों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। नवंबर के पहले सप्ताह तक दिल्लीवासियों को दिन में भी हल्की ठंडक का अनुभव होगा।
इसे भी पढ़ें : देवरिया के बिंदही गांव में किशोर की पोखरे में डूबने से मौत, गांव में शोक की लहर
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































