द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया जिले में बीते दो दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित कर दिया है। रविवार को कोहरे से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शीतलहर और गलन का असर लगातार बना हुआ है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, हालांकि दृश्यता 100 मीटर से अधिक दर्ज की गई। इसके बावजूद ठंडी हवाओं और बढ़ती गलन के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर 28 प्रतिशत रहा। ठंड का असर खासतौर पर सुबह और शाम के समय ज्यादा देखने को मिल रहा है। लोग केवल अत्यधिक जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सर्दी से बचाव के लिए जगह-जगह लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए।
ठंड और गलन का सबसे अधिक असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। सड़कों पर वाहनों की संख्या में कमी आई है और कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जो बसें पहले सुबह के समय यात्रियों से भरी रहती थीं, वे अब या तो खाली चल रही हैं या बहुत कम सवारियों के साथ रवाना हो रही हैं। कई बसों को यात्रियों के इंतजार में घंटों तक खड़ा रहना पड़ रहा है।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल देवरिया डिपो की प्रतिदिन की आमदनी लगभग 25 लाख रुपये बनी हुई है, लेकिन अगर ठंड का प्रकोप इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में आमदनी पर भी असर पड़ सकता है। पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम का यही मिजाज बना हुआ है। सुबह 10 बजे तक कोहरा, दिन में धुंध और शाम होते ही फिर से ठंड और कोहरे का असर शुरू हो जाता है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह आठ बजे तक घरों में ही दुबके रहते हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में शीतलहर और तेज हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन भी जरूरतमंदों के लिए अलाव और अन्य राहत व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि ठंड से होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : देवरिया सड़क हादसा: पशु तस्करी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक सवार दोनों युवकों की गई थी जान
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































