द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : जी राम जी योजना को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। कांग्रेस ने इस योजना के विरोध में देशभर में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के जरिए जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई है, वहीं केंद्र सरकार भी अपने मंत्रियों और भाजपा संगठन के माध्यम से योजना की खूबियां गिनाने में जुट गई है। इसी बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है।
शनिवार को भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जी राम जी योजना के तहत अब किसानों और श्रमिकों को 100 दिनों की जगह 125 दिनों का रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से श्रमिकों की आय बढ़ेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जाए।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र में शासन कर रही एनडीए सरकार की विचारधारा की नींव चौधरी चरण सिंह ने रखी थी। उनके सिद्धांतों और किसान-हितैषी सोच को ध्यान में रखते हुए ही श्रमिकों की कार्य योजना को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। इससे न केवल मजदूरों का कल्याण होगा, बल्कि गांवों की तस्वीर भी बदलेगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों और श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। सरकार ने किसानों की मांगों को ध्यान में रखते हुए खेती के सीजन में इस योजना को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया था, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो। अब योजना को इस तरह से लागू किया गया है कि इससे मजदूरों और किसानों—दोनों को लाभ मिल सके। शिवराज सिंह ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसानों के साथ किसी भी तरह की बेईमानी नहीं होने देगी।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने चौधरी चरण सिंह के संघर्षों और योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिस दौर में पंडित जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ बोलने का साहस बहुत कम लोग कर पाते थे, उस समय चौधरी चरण सिंह ने सहकारी खेती के विदेशी सिद्धांत का खुलकर विरोध किया था। गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने हिंडन नदी के किनारे नमक सत्याग्रह किया और जमींदारी प्रथा का उन्मूलन कर किसानों को जमीन का मालिक बनाया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए समर्पित रहा। आज सरकार उन्हीं आदर्शों पर चलते हुए नीतियां बना रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों-श्रमिकों के भविष्य को सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में प्रेम विवाह के चार महीने बाद डीएलएड छात्रा की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































