द देवरिया न्यूज़,लखनऊ: लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा की। अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी को लेकर लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। खासतौर पर उनकी संपत्ति को लेकर इंटरनेट पर खूब खोजबीन की जा रही है। सात बार महराजगंज से सांसद रह चुके पंकज चौधरी की कुल संपत्ति कितनी है, यह जानने को लोग उत्सुक हैं।
राजनीति के साथ-साथ कारोबार में भी मजबूत पहचान
राजनीतिक अनुभव के साथ पंकज चौधरी एक सफल उद्योगपति भी हैं। वह आयुर्वेदिक तेल ‘राहत रूह’ बनाने वाली प्रसिद्ध कंपनी हरबंशराम भगवानदास के मालिक हैं। कुर्मी समाज में उन्हें एक प्रभावशाली नेता माना जाता है और पूर्वांचल की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ है।
41 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति
2024 लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे के मुताबिक पंकज चौधरी की कुल संपत्ति 41 करोड़ 90 लाख 10 हजार 509 रुपये है। इसमें करीब 36 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 5 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति शामिल है। वहीं, उनके ऊपर 3 करोड़ 82 लाख 47 हजार 129 रुपये का कर्ज भी दर्ज है।
बैंकों में जमा और निवेश
चल संपत्ति की बात करें तो पंकज चौधरी के पास 57 हजार 825 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1 लाख 4 हजार 815 रुपये कैश है। पीएनबी, फेडरल बैंक, एसबीआई सहित विभिन्न बैंकों में उनके नाम पर 98 लाख रुपये से अधिक जमा हैं। इसके अलावा अलग-अलग कंपनियों में 28 लाख 13 हजार रुपये के शेयर और बॉन्ड हैं। पोस्ट ऑफिस और एनएसएस में भी उन्होंने 26 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। सोने-चांदी के गहनों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
गोरखपुर में करोड़ों की अचल संपत्ति
अचल संपत्ति में पंकज चौधरी के पास 9 करोड़ 39 लाख 85 हजार रुपये की गैर कृषि भूमि है। इसके साथ ही 5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की एक कमर्शियल बिल्डिंग भी उनके नाम है। गोरखपुर में स्थित उनके आवास की अनुमानित कीमत 18 करोड़ 89 लाख रुपये बताई गई है। गैर कृषि भूमि और कमर्शियल संपत्ति भी गोरखपुर में ही स्थित है।
3 करोड़ से अधिक का लोन
पंकज चौधरी ने विभिन्न बैंकों से करीब 3 करोड़ 23 लाख 40 हजार रुपये का लोन ले रखा है। इसके अलावा अलग-अलग लोगों का लगभग 47 लाख रुपये से अधिक का बकाया भी उनके ऊपर है।
समय के साथ बढ़ती गई संपत्ति
पंकज चौधरी की संपत्ति में लगातार इजाफा हुआ है। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपनी संपत्ति 37 करोड़ 18 लाख रुपये बताई थी। 2014 में यह आंकड़ा 19 करोड़ 18 लाख रुपये था, जबकि 2009 में उनकी संपत्ति 4 करोड़ 37 लाख रुपये दर्ज की गई थी। वहीं, 2004 में उनकी कुल संपत्ति महज 1 करोड़ 47 लाख रुपये थी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया जेल में बंद पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, आंखों में सूजन और सिर दर्द की शिकायत
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































