द देवरिया न्यूज़/बलिया: ददरी मेला इस समय पूरे शबाब पर है और भीड़ का आकर्षण बढ़ाने के लिए आयोजित भोजपुरी नाइट में रविवार को पूर्व भाजपा सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ पहुंचे। मंच पर प्रस्तुति से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार चुनाव में परखे जा रहे भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को सलाह दी और विपक्ष पर भी कड़े प्रहार किए।
निरहुआ ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि सिर्फ चुनाव जीतने का ज़रिया।
“चुनाव में जीत-हार लगी रहती है। मैं खुद चुनाव हारा था, लेकिन जनता के बीच बना रहा। राजनीति में आने का मतलब जनता की सेवा है। खेसारी को भी यही करना चाहिए,” निरहुआ ने कहा।
“खेसारी मेरे छोटे भाई हैं, छपरा में रहकर जनता की सेवा करें”
मीडिया के सवालों पर उन्होंने साफ कहा कि खेसारी लाल यादव उनके लिए छोटे भाई समान हैं। इसलिए उनका फर्ज है कि वे उन्हें सही सलाह दें।
उन्होंने कहा—
“जब मैं 2019 में आजमगढ़ से चुनाव हारा, उसके बाद मैं जनता के साथ ही रहा। उसी भरोसे और काम की बदौलत जनता ने 2022 में मुझे सांसद बनाया। खेसारी को भी निरंतर छपरा में बने रहना चाहिए। जनता से जुड़ें, सेवा करें, लोग उन्हें जरूर स्वीकार करेंगे।”
बिहार चुनाव के दौरान खेसारी और निरहुआ के बीच जुबानी भिड़ंत सुर्खियों में रही थी, लेकिन ददरी मेला में यह पहली बार है जब निरहुआ ने खेसारी को खुले मंच से सलाह दी।
“विपक्ष जहां हारता है, वहीं धांधली का राग अलापता है”
चुनावी धांधली के आरोपों पर पूछे गए सवाल पर निरहुआ ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ हार देखता है और हर बार वही बहाना दोहराता है।
“जहां विपक्ष चुनाव हारता है, वहीं धांधली की बात करने लगता है। जहां जीतता है, वहां प्रक्रिया एकदम सही लगती है। हार की जिम्मेदारी लेने का साहस उनमें नहीं है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जैसे बिहार में NDA की जीत ने जनता का मूड साफ कर दिया, वैसे ही यूपी में 2027 के चुनावों में जनता फिर बीजेपी को सत्ता में लाएगी।
“यूपी के बाबा ने बिहार में भी तहलका मचाया”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनावी प्रभाव पर बोलते हुए निरहुआ ने कहा कि योगी का प्रभाव सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है।
“यूपी में बाबा हैं और बाबा बिहार भी गए थे। वहां भी उन्होंने तहलका मचाया है। यूपी का बच्चा-बच्चा कह रहा है कि जैसे 2022 में योगी जी सत्ता में आए, वैसे ही 2027 में भी आएंगे।”
उन्होंने दावा किया कि जनता अब जाति-धर्म से ऊपर उठकर प्रदेश की तरक्की और बच्चों के भविष्य के लिए वोट कर रही है।
पिछले दिनों खेसारी और निरहुआ की भिड़ंत सुर्खियों में रही
ये भी उल्लेखनीय है कि बिहार चुनाव प्रचार के दौरान आजमगढ़ से पूर्व सांसद निरहुआ और छपरा से चुनाव लड़ रहे खेसारी लाल यादव के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे पर राजनीतिक कटाक्ष और आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी लगा दी थी। सोशल मीडिया पर यह जंग काफी वायरल भी हुई।
ददरी मेला में निरहुआ के ताजा बयान को उसी राजनीतिक जंग का शांतिपूर्ण विस्तार माना जा रहा है, जहाँ निरहुआ ने खेसारी को चुनावी हार-जीत से ऊपर उठने और जनता से जुड़ने की सीख दी।
ददरी मेला में निरहुआ की मौजूदगी ने बढ़ाई रौनक
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला इस समय पूरे क्षेत्र में उत्साह का केंद्र बना हुआ है। भोजपुरी स्टार निरहुआ की मौजूदगी से भोजपुरी नाइट की रौनक और बढ़ गई। मंच पर आते ही दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उनका स्वागत किया।
मेले में उनके आने से न सिर्फ आम दर्शकों में उत्साह दिखा, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी उनके बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें : महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक दांव: बाल ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट का चेयरमैन बने उद्धव ठाकरे, फडणवीस सरकार का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा फैसला
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































