द देवरिया न्यूज़,देवरिया। देवरिया जिले के सलेमपुर तहसील में तैनात लेखपाल आशीष कुमार (35) का शव शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव बरवा पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। वे जिलाधिकारी (डीएम) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
आशीष कुमार की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रात में गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का आरोप है कि आशीष की मौत अत्यधिक कार्यभार और एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) के दबाव के कारण हुई है।
सूचना मिलते ही एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, तहसीलदार अलका सिंह समेत कई राजस्व अधिकारी गांव पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देने की कोशिश की। लेकिन परिजन डीएम की मौजूदगी की मांग पर कायम रहे और अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। अधिकारी लगातार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे।
लेखपाल आशीष कुमार के निधन से गांव, परिवार और राजस्व विभाग में शोक की लहर है। उनके सहकर्मी भी इस घटना को भारी कार्यभार और तनाव से जोड़ते हुए मामले की जांच और आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में लेखपाल की अचानक मौत, परिवार बोला—एसआईआर वर्कलोड की वजह से गई जान
➤ You May Also Like

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































