द देवरिया न्यूज़,केरल : केरल में दो चरणों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना आज जारी है। शुरुआती रुझानों ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। खास तौर पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर के संसदीय क्षेत्र तिरुवनंतपुरम नगर निगम में नतीजे चौंकाने वाले नजर आ रहे हैं, जहां भाजपा ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए कांग्रेस के किले में बड़ी सेंध लगाई है।
ताजा रुझानों के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम नगर निगम के कुल 101 वार्डों में से 45 वार्डों के संकेत सामने आ चुके हैं। इनमें वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) 17 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 16 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) 11 सीटों पर आगे है। इन आंकड़ों से साफ है कि मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद कड़ा होता जा रहा है।
गौरतलब है कि केरल के 14 जिलों में दो चरणों में स्थानीय निकाय चुनाव कराए गए थे। पहले चरण में तिरुवनंतपुरम समेत छह जिलों—कोल्लम, पथानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टयम, इडुक्की और एर्नाकुलम—में मतदान हुआ था। इस चरण में कुल मतदान प्रतिशत 70.90 रहा। सबसे अधिक मतदान एर्नाकुलम जिले में 73.96 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान पथानमथिट्टा में 66.35 फीसदी रहा।
दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 11 दिसंबर को सात जिलों—त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड—में संपन्न हुआ। इस चरण में 1.53 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 604 स्थानीय निकायों के 12,931 प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए वोट डाले। इनमें ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिका और नगर निगम शामिल हैं। दूसरे चरण में कुल 38,994 उम्मीदवार मैदान में थे और मतदान के लिए 18,274 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 2,055 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था।
अब सभी की नजरें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो केरल की स्थानीय राजनीति की दिशा और दलों की ताकत को स्पष्ट करेंगे।
इसे भी पढ़ें : यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से, अनुपूरक बजट और SIR मुद्दे पर गरमाएगा सदन
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































