द देवरिया न्यूज़ ,पणजी: नॉर्थ गोवा के अरपोरा क्षेत्र स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना की पूरी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार के मुताबिक, रात करीब 12:04 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस तत्काल मौके पर रवाना की गईं। राहत और बचाव कार्य के दौरान सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
भाजपा विधायक माइकल लोबो ने बताया कि इस हादसे में 20 पुरुष और 3 महिलाओं की मौत हुई है। मृतकों में कुछ पर्यटक भी शामिल हैं, जबकि अधिकांश लोग रेस्टोरेंट के बेसमेंट में काम करने वाले स्थानीय कर्मचारी थे। उन्होंने गोवा के सभी क्लबों और पर्यटन स्थलों का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह हादसा गोवा के पर्यटन इतिहास की एक दुखद घटना माना जा रहा है, जिससे पूरे राज्य में शोक का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: चोरी की बाइकों से शराब तस्करी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, 10 बाइक और शराब बरामद
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































