द देवरिया न्यूज़,लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ-साथ कोहरे का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। भले ही फिलहाल शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई हो, लेकिन घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश में 16 दिसंबर तक घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जबकि 18 दिसंबर तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी यूपी के तराई इलाकों में कहीं-कहीं घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की आशंका है, वहीं पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भी घना और कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
शनिवार को आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती और कुशीनगर में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बरेली, पीलीभीत सहित आसपास के इलाकों में भी कोहरे का असर तेज रहने का अनुमान है। अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और संभल में घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि रामपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और बदायूं में भी दृश्यता कम रह सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में घने कोहरे का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद दो दिनों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में संभावित पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, पुरवा हवाओं के चलने और आंशिक बादलों के कारण अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि तापमान में हल्की वृद्धि के बावजूद कोहरे की स्थिति में खास सुधार की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, निचले वायुमंडलीय स्तर पर स्थिरता बने रहने से पूर्वांचल के उत्तरी जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घना से बहुत घना कोहरा अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। इन्हीं इलाकों के लिए 2–3 दिनों का ऑरेंज अलर्ट और उसके बाद 2 दिनों का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में सुबह के समय धुंध के साथ हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना बनी रहेगी।
शुक्रवार सुबह बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, कुशीनगर, बलिया और बस्ती में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि मुरादाबाद और आजमगढ़ में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : G.O.A.T इंडिया टूर 2025 की शुरुआत: 14 साल बाद भारत पहुंचे लियोनल मेसी, कोलकाता में फैंस ने किया भव्य स्वागत
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































