द देवरिया न्यूज़,दिल्ली : राजधानी दिल्ली की हवा मंगलवार को फिर खराब स्तर पर पहुंच गई। सुबह शहर के कई इलाकों में हल्की स्मॉग की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 8 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 292 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली के इन इलाकों में रहा AQI स्तर
इंडिया गेट और कर्तव्य पथ क्षेत्र में हल्की धुंध देखने को मिली, जहां AQI 265 दर्ज हुआ। आईटीओ में 294, अलीपुर में 282, आया नगर में 253 और बुराड़ी में 291 AQI दर्ज किया गया। अक्षरधाम, गाजीपुर और आनंद विहार में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा, जहां AQI 319 तक पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी है। अशोक विहार में 305, बवाना में 342, चांदनी चौक में 333 और द्वारका में 314 AQI दर्ज किया गया।
सोमवार को भी हवा रही थी बेहद खराब
सोमवार सुबह भी धुंध और स्मॉग का असर दिखा। उस दौरान AQI 314 दर्ज हुआ, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी है। रविवार की तुलना में इसमें 6 अंकों की बढ़ोतरी हुई। कम दृश्यता और प्रदूषण बढ़ने के कारण लोग मास्क पहने नजर आए, वहीं सांस संबंधी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एनसीआर का हाल
एनसीआर में सबसे प्रदूषित हवा नोएडा की रही, जहां AQI 330 दर्ज हुआ। गाजियाबाद में 309, ग्रेटर नोएडा में 302 और गुरुग्राम में 278 AQI रिकॉर्ड किया गया। फरीदाबाद की हवा तुलनात्मक रूप से सबसे साफ रही, जहां AQI 203 रहा।
प्रदूषण के स्रोत और हवा की स्थिति
निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को प्रदूषण में वाहनों का योगदान सबसे अधिक रहा, जो 17.58% दर्ज किया गया। आवासीय क्षेत्रों से 4.29%, निर्माण गतिविधियों से 2.49% और परिधीय उद्योगों से 8.42% प्रदूषण का योगदान रहा। सोमवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किमी/घंटा की रफ्तार से चली।
दोपहर 1 बजे हवा में PM10 का स्तर 250.2 और PM2.5 का स्तर 138.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। CPCB का पूर्वानुमान है कि गुरुवार तक वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रह सकती है, जिससे आंखों में जलन, सांस की दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : पारिवारिक विवाद के बाद देवरिया में दंपति ने जहरीला पदार्थ खाया, समय रहते बची जान
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































