द देवरिया न्यूज़,उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को लखनऊ स्थित कृषि निदेशालय के सभागार में 100 कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से बीज विधायन संयंत्रों की स्थापना, बीज उत्पादन और उसके प्रमाणन की प्रगति पर चर्चा की गई। समीक्षा में यह जानकारी सामने आई कि 24 एफपीओ अब तक 80,960 क्विंटल बीज का उत्पादन कर उसे उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम को बेच चुके हैं।
बीज प्रमाणीकरण में लापरवाही पर कड़े निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री शाही ने बताया कि 27 एफपीओ ने अब तक बीज प्रमाणीकरण संस्था में पंजीकरण नहीं कराया है, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे संगठनों को तुरंत पंजीकरण कराना होगा, अन्यथा सरकार द्वारा प्रदान किए गए अनुदान की वसूली की जाएगी। साथ ही यह भी पाया गया कि 32 एफपीओ का उत्पादित बीज अभी तक उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम द्वारा खरीदा नहीं गया है, जिस पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ढैंचा सहित अन्य फसलों के बीज भी होंगे प्रमाणित
कृषि मंत्री शाही ने स्पष्ट किया कि एफपीओ सिर्फ गेहूं और धान ही नहीं, बल्कि ढैंचा के बीज का भी नियमानुसार प्रमाणन कर उसे बीज विकास निगम को उपलब्ध कराएं, ताकि राज्य में प्रमाणित बीज की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों पर भी सख्ती
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि एफपीओ को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बढ़ाकर बीज उत्पादन व विक्रय प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
कार्ययोजना तैयार
बैठक में कृषि विभाग और बीज विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने एफपीओ की समस्याओं के समाधान और बीज उत्पादन को गति देने हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, यूपी बीज विकास निगम के निदेशक पीयूष शर्मा, बीज प्रमाणीकरण निदेशक टी.पी. चौधरी और अपर निदेशक अनिल पाठक भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : इन्वेस्ट यूपी ने जापान में दूतावास के साथ रणनीतिक बैठक कर निवेश को बढ़ावा देने की योजना तैयार की
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































