द देवरिया न्यूज़ ,बागपत। जिले के बड़ौत कस्बे में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जनता वैदिक डिग्री कॉलेज परिसर में डेयरी विभाग के पास एक युवक का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। शव की पहचान महावतपुर बावली निवासी संयम तोमर (20) के रूप में हुई, जो राजस्थान के जयपुर में तैनात एसडीएम दीविका तोमर के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
कॉलेज परिसर से मिली लाश
सुबह की सैर करने आए कुछ लोगों ने जब कूड़ा डालने वाले गड्ढे में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ विजय कुमार तोमर और कोतवाली प्रभारी ने शव को बाहर निकलवाया। शव की हालत देखकर पुलिस को आशंका हुई कि युवक की हत्या की गई है।
मोबाइल से हुई पहचान
पुलिस को शव की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जो बंद था। चार्ज करने पर उसमें मौजूद नंबरों से कॉल की गई और तब जाकर शव की पहचान संयम तोमर के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
दो दिन पहले गया था दोस्तों संग हरिद्वार
संयम के बड़े भाई संचित ने बताया कि 30 सितंबर को वह दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। गुरुवार सुबह पुलिस ने फोन कर कॉलेज परिसर में शव मिलने की जानकारी दी। परिजनों को यह भी नहीं पता था कि संयम जनता वैदिक कॉलेज क्यों गए थे।
शरीर पर चोट के निशान, हाथ बंधे हुए
संयम का शव देखने पर साफ था कि उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। हाथों में पट्टी बंधी हुई थी और कमर, पीठ, जांघ व सिर पर चोटें थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चोटों की पुष्टि हुई, हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर आगे की जांच के लिए भेज दिया है।
पढ़ाई के बाद नौकरी की तैयारी में जुटे थे संयम
परिजनों ने बताया कि संयम ने बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तैयारी शुरू कर दी थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन कर चुके थे और साथ ही गांव में रहकर खेती का काम भी देख रहे थे।
परिवार का प्रशासनिक पृष्ठभूमि
संयम अविवाहित थे और दो भाइयों में छोटे थे। उनका बड़ा भाई संचित बागपत शुगर मिल में संविदा कर्मचारी है। परिवार प्रशासनिक सेवा से जुड़ा माना जाता है—
उनकी बहन दीविका तोमर जयपुर में एसडीएम हैं।
ताऊ बिजेंद्र तोमर गृह सचिव पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
दोस्तों पर शक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संयम के रिश्तेदार विनोद खेड़ा ने बताया कि वह हरिद्वार दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन दोस्तों के नाम उन्होंने परिवार को नहीं बताए। ऐसे में परिजनों को शक है कि दोस्तों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। उन्होंने पुलिस से हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच और खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस की जांच जारी
एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
संयम तोमर की रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तैयारी करने वाला यह युवक अचानक कैसे मौत के मुंह में चला गया, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। पुलिस की जांच से ही यह राज खुलेगा कि यह हत्या थी या कोई और वजह।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: मामा के घर आया मासूम पेट में गोली लगने से घायल, गोरखपुर रेफर
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































