द देवरिया न्यूज़,वॉशिंगटन : अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा लाए गए नए यात्रा और इमिग्रेशन नियम आधिकारिक तौर पर लागू हो गए हैं। ये नियम 26 दिसंबर से प्रभावी हैं और इनके दायरे में न केवल नए आवेदक, बल्कि पहले से ग्रीन कार्ड रखने वाले गैर-अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। ऐसे में अमेरिका में बड़ी संख्या में रह रहे भारतीयों, खासकर ग्रीन कार्ड धारकों के लिए इन बदलावों को जानना बेहद जरूरी हो गया है।
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के तहत लागू किए गए इन नियमों से अमेरिकी सीमाओं पर जांच प्रक्रिया और सख्त हो गई है। अब यात्रियों की पहचान के लिए फोटो, फिंगरप्रिंट और आंखों के स्कैन जैसी बायोमेट्रिक जांच की जा सकेगी। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना और आधुनिक तकनीक के जरिए बॉर्डर मैनेजमेंट को बेहतर बनाना है।
अमेरिकी सीमाओं पर क्या बदला?
न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक, नए सिस्टम के तहत अमेरिकी फेडरल एजेंसियां गैर-अमेरिकी नागरिकों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा को ट्रैक कर सकेंगी। इस निगरानी में कानूनी स्थायी निवासी यानी ग्रीन कार्ड होल्डर भी शामिल होंगे। अमेरिका ने 19 देशों के ग्रीन कार्ड धारकों को सुरक्षा की दृष्टि से ज्यादा संवेदनशील माना है, जिनकी जांच और कड़ी की जाएगी। इनमें भारत के पड़ोसी देश म्यांमार और अफगानिस्तान भी शामिल हैं।
इन नियमों के तहत बायोमेट्रिक एंट्री-एग्जिट सिस्टम को पूरी तरह लागू किया गया है। अब हर गैर-अमेरिकी नागरिक की अमेरिका में एंट्री और एग्जिट के दौरान फोटो ली जाएगी। यह व्यवस्था एयरपोर्ट के साथ-साथ जमीनी सीमाओं और बंदरगाहों पर भी लागू होगी। इसके अलावा अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन अधिकारी फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन भी कर सकते हैं।
ग्रीन कार्ड धारकों पर असर
ग्रीन कार्ड होल्डर्स के लिए सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब हर बार अमेरिका आने या जाने पर उनकी फोटो ली जाएगी और जरूरत पड़ने पर फिंगरप्रिंट या आंखों का स्कैन भी किया जाएगा। सीमा पर पूछताछ की प्रक्रिया लंबी हो सकती है और इमिग्रेशन अधिकारी यात्रा इतिहास, निवास और दस्तावेजों को लेकर पहले से ज्यादा सख्त सवाल कर सकते हैं।
इमिग्रेशन एक्सपर्ट्स की सलाह है कि ग्रीन कार्ड धारक अपने सभी दस्तावेज अपडेट रखें और यात्रा से जुड़ी जानकारियों के लिए सतर्क रहें। अधिकारियों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब देने के लिए पूरी तैयारी रखना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल तीन दिन बंद
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































