द देवरिया न्यूज़,देवरिया : जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। फुलवरिया–बंगरुआ मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अपाचे बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से पीछे से टकरा गई, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फुलवरिया–बंगरुआ मार्ग पर एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान श्रीरामपुर की ओर से आ रहा बाइक सवार अचानक पिकअप में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तलाशी में मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में आसपास के गांवों में की गई पूछताछ के बाद मृतक की पहचान बैजनाथ (42 वर्ष), पुत्र रामाशंकर कुशवाहा, निवासी बलिवन गांव, थाना श्रीरामपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और अंधेरे में खड़े पिकअप वाहन का स्पष्ट रूप से दिखाई न देना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
श्रीरामपुर थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : विजय हजारे ट्रॉफी में बुमराह को छूट, फिटनेस पर फोकस; अहमदाबाद में नेट्स पर की गेंदबाजी
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































