द देवरिया न्यूज़ : देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गया गिर वार्ड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक जर्जर पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक बाइक सवार परिवार आ गया। हादसे में पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान 40 वर्षीय संतोष चौहान और उनके 6 वर्षीय बेटे शिवा के रूप में हुई है। संतोष अपनी पत्नी ममता देवी (32), बेटियों शिवानी (13) और सोनाली (8) के साथ ससुराल जा रहे थे। वे लार थाना क्षेत्र के राऊतपार रघेन गांव में पत्नी के भाई को राखी बंधवाने जा रहे थे।
दोपहर के समय जैसे ही परिवार पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ अचानक टूटकर बाइक पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही वहां अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और जेसीबी मशीन की सहायता से पेड़ की डालियों को हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संतोष चौहान और उनके बेटे शिवा को मृत घोषित कर दिया। पत्नी ममता देवी और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क से पेड़ हटवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के गांव — थाना मदनपुर के रामदास चौहान — और ससुराल में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़े : रक्षा बंधन पर बहनों को मिला यात्रा का तोहफा, फ्री सेवा से खिले चेहरे
➤ You May Also Like









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































