द देवरिया न्यूज़,गोरखपुर : गोरखपुर के खोराबार थाने की पुलिस ने चोरी के आरोप में एक किशोर और दो युवक विकास व साहस पासवान को गिरफ्तार किया है। 13 वर्षीय आरोपी किशोर एक यू-ट्यूबर है, जो साइकिल राइडिंग के वीडियो बनाता था। घटनास्थल पर वह अपनी साइकिल छोड़कर भाग गया था। उस पर चैनल का नाम लिखा होने से उसकी पहचान हो गई। पुलिस ने किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, खोराबार क्षेत्र के रामनगर कड़जहां साईं मंदिर के पास रहने वाले भानु प्रताप सिंह तीन दिसंबर की रात परिवार के साथ रिश्तेदार के वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे।
इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो बालियां, चांदी की दो पायल और मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी कर लिया। भानु प्रताप अगले दिन लौटे तो चोरी का पता चला।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल से एक साइकिल मिली, जिस पर किशोर के यू-ट्यूब चैनल का नाम लिखा था। आसपास पूछताछ में पता चला कि यह किशोर यू-ट्यूब व इंस्टाग्राम पर साइकिल राइडिंग के वीडियो अपलोड करता है। घटना के बाद उसने अपनी आईडी बंद कर दी। थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि बाल अपचारी ने जंगल चंवरी निवासी विकास पासवान और साहस पासवान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
खोराबार क्षेत्र में चोरी की सूचना के बाद तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। किशोर को बाल सुधार गृह और दोनों युवकों को जेल भेजा गया है। किशोर यू-ट्यूब पर साइक्लिंग वीडियो अपलोड करता था। – अभिनव त्यागी, एसपी सिटी
इसे भी पढ़ें : नेहा सिंह राठौर का बयान: “न भागूंगी, न पीछे हटूंगी”, एफआईआर पर लखनऊ पुलिस को घेरा
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































