Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में कांग्रेस का गौ पूजन, अजय राय ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Published on: January 23, 2026
Support of Shankaracharya Avimukteshwarananda
द देवरिया न्यूज़,वाराणसी : गौ माता की रक्षा और सनातन परंपराओं के समर्थन में कांग्रेस पार्टी ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के पक्ष में खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौराणिक ईश्वरगंगी कुंड स्थित गौशाला में विधिवत गौ पूजा कर गौ रक्षा का संकल्प लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गौ पूजा के बाद कहा कि कांग्रेस पार्टी गौ माता, संत समाज, लोकमाता अहिल्याबाई द्वारा संरक्षित धरोहरों और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का अपमान और सनातन आस्था पर हो रहे हमले यह साबित करते हैं कि मोदी और योगी सरकार सनातन विरोधी सोच रखती है।
अजय राय ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद जैसे महान सनातन धर्मगुरु, जिन्होंने जीवनभर समाज को ज्ञान, संस्कार और धर्म का मार्ग दिखाया, आज उनसे यह साबित करने को कहा जा रहा है कि वे शंकराचार्य हैं। यह पूरे सनातन समाज के लिए अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जिन संतों के विचारों से लाखों लोगों को दिशा मिली, आज वही अपने सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए अनशन पर बैठने को मजबूर हैं।

भाजपा पर तीखा हमला

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम सत्ता की संवेदनशीलता और सनातन के प्रति उसकी वास्तविक सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस द्वारा बटुकों की शिखा नोचना और बुजुर्ग संतों पर लाठियां चलाना बेहद निंदनीय है। अजय राय ने तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार खुद को गौ रक्षा और सनातन की रक्षक बताती है, उसी शासन में उत्तर प्रदेश गौ मांस का सबसे बड़ा निर्यातक बन गया है। यह सरकार की कथनी और करनी के बीच बड़ा विरोधाभास है।

मणिकर्णिका घाट को लेकर भी उठाए सवाल

अजय राय ने मणिकर्णिका घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर इस पवित्र घाट की मूल आत्मा को नुकसान पहुंचाया गया है। मणिकर्णिका केवल एक घाट नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सनातन धर्म की आस्था का केंद्र और मोक्ष का द्वार माना जाने वाला तीर्थ स्थल है।

मुख्यमंत्री से सीधे सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि यदि मूर्ति से जुड़ा वीडियो एआई जनरेटेड है, तो उसके ठोस सबूत सार्वजनिक किए जाएं और बताया जाए कि मूर्ति फिलहाल कहां रखी गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार के मंत्री और अधिकारी मूर्ति टूटने की बात स्वीकार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उसी मामले को एआई जनरेटेड वीडियो बताया जा रहा है, जो सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेसजन एक स्वर में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में आवाज बुलंद करते रहेंगे और गौ रक्षा व सनातन परंपराओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, चंचल शर्मा, विजय देवल, हसन मेहदी कब्बन, नरसिंह दास वर्मा, मनोज वर्मा मनू, अब्दुल हमीद डोडे, धीरज सोनकर, किशन यादव, आनंद चौबे, अनिल पटेल, कृष्णा गौड़, रामजी गुप्ता, अश्वनी यादव, विकास पांडेय, शिव नारायण सिंह, प्रमोद यादव, पप्पू यादव, अनिल सिंह समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : दावोस में कनाडा के पीएम मार्क कार्नी का बड़ा बयान, बोले– कमजोर पड़ रही अमेरिकी अगुवाई वाली विश्व व्यवस्था, भारत की भूमिका अहम

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply