द देवरिया न्यूज़,ढाका/नई दिल्ली। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री और अवामी लीग प्रमुख शेख हसीना ने देश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस पर तीखा हमला बोला है। भारत में स्वनिर्वासन में रह रहीं हसीना ने आरोप लगाया कि यूनुस बांग्लादेश को अस्थिरता की ओर धकेल रहे हैं और राजनीतिक वैधता हासिल करने के लिए पाकिस्तान से नजदीकी बढ़ा रहे हैं।
CNN-न्यूज18 को दिए एक विशेष साक्षात्कार में शेख हसीना ने कहा कि मोहम्मद यूनुस के पास न तो जनादेश है और न ही कूटनीतिक अनुभव, जिससे वह देश का नेतृत्व कर सकें। उन्होंने भारत के धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि ढाका और नई दिल्ली के संबंधों में आई खटास एक अस्थायी और अवैध शासन की वजह से है।
मौत की सजा और पार्टी पर प्रतिबंध पर बोलीं हसीना
शेख हसीना ने इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल (ICT) द्वारा सुनाई गई मौत की सजा और अवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर कहा कि यह फैसला एक “कंगारू कोर्ट” ने दिया है, जो गैर-चुनी हुई अंतरिम सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि बांग्लादेश में जल्द लोकतंत्र की वापसी होगी और अवामी लीग को उसकी सही भूमिका मिलेगी। हमारी पार्टी बांग्लादेश के इतिहास और आज़ादी से जुड़ी हुई है।”
‘अवामी लीग को बैन करने से समर्थक खत्म नहीं होंगे’
हसीना ने कहा कि उनकी पार्टी को बैन करने से उनके समर्थक खत्म नहीं होंगे।
“अवामी लीग को जनता ने नौ बार चुना है। हम हर गांव और हर मोहल्ले से जुड़े हुए हैं। हम कानूनी, कूटनीतिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।”
पाकिस्तान से नजदीकी पर यूनुस को घेरा
मोहम्मद यूनुस की पाकिस्तान के साथ बढ़ती नजदीकी पर शेख हसीना ने कहा कि लाखों बांग्लादेशी अब इस “खेल” को समझने लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस का पाकिस्तान की ओर झुकाव उनकी अंतरराष्ट्रीय मान्यता की बेचैनी को दर्शाता है।
“उनके पास न तो कूटनीति की समझ है और न ही वह अधिकार, जो दीर्घकालिक साझेदारी और देश के रणनीतिक हितों के लिए जरूरी होता है।”
भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भरोसा
भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर हसीना ने भरोसा जताया कि यह रिश्ता यूनुस के “मूर्खतापूर्ण और अस्थायी दौर” को झेल लेगा।
उन्होंने कहा,
“भारत सिर्फ एक रणनीतिक साझेदार नहीं, बल्कि हमारा मित्र है। हमारे बीच साझा इतिहास, संस्कृति और करीब 4000 किलोमीटर लंबी सीमा है। जब बांग्लादेश के लोग आज़ादी से वोट कर पाएंगे, तो वे ऐसे नेता को चुनेंगे जो भारत का सच्चा दोस्त हो।”
अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर हमलों पर चिंता
हसीना ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर हो रहे हमलों को 1971 की दर्दनाक यादों से जोड़ते हुए चिंता जताई और कहा कि मौजूदा हालात देश को पीछे की ओर ले जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : KBC 17 के सेट पर इमरजेंसी, अमिताभ बच्चन ने रोका शूट; एक दिन में किए तीन एपिसोड रिकॉर्ड
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































