द देवरिया न्यूज़,इस्लामाबाद : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की पाकिस्तान यात्रा अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंचे यूएई राष्ट्रपति का रावलपिंडी एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख असीम मुनीर और विदेश मंत्री इशाक डार ने स्वागत किया था। इसे आधिकारिक दौरा बताया गया, लेकिन बाद में सामने आई जानकारियों ने पाकिस्तान सरकार को असहज स्थिति में डाल दिया है।
दरअसल, शेख मोहम्मद बिन जायद ने इस्लामाबाद जाने से इनकार कर दिया और एयरपोर्ट पर औपचारिक अभिवादन के बाद ही निजी कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ केवल कुछ मिनटों की औपचारिक बातचीत की और उसके बाद रहीम यार खान के लिए निकल गए।
इस मुद्दे पर पाकिस्तानी मीडिया में सवाल उठने लगे हैं। एक टीवी कार्यक्रम में जब एंकर ने सरकार से पूछा कि क्या यूएई राष्ट्रपति इस्लामाबाद आए भी थे, तो मंत्री अहसान इकबाल ने स्वीकार किया कि उनका दौरा सिर्फ एक दिन का था और सभी मुलाकातें एयरपोर्ट पर ही हुईं। उन्होंने कहा कि इसके बाद यूएई राष्ट्रपति निजी कार्यक्रम में शामिल होने चले गए।
खास बात यह रही कि इस दौरे के दौरान शेख मोहम्मद बिन जायद ने न तो राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की और न ही राष्ट्रपति भवन या प्रधानमंत्री आवास गए। इस्लामाबाद आने का औपचारिक निमंत्रण भी उन्होंने स्वीकार नहीं किया।
इन घटनाओं के सामने आने के बाद पाकिस्तान में इस यात्रा को लेकर सरकार की काफी किरकिरी हो रही है और विपक्ष व मीडिया इसे कूटनीतिक असहजता और अपमान से जोड़कर देख रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, टाटा मैजिक से 30 पेटी देशी शराब बरामद
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































