द देवरिया न्यूज़ : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शहर के प्रमुख पोखरों और घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परमार्थी पोखरा, राघव नगर हनुमान मंदिर परिसर और हाथीकुंड पोखरा का दौरा किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जलस्तर नियंत्रण, बचाव दल और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने भक्ति संगीत और घोषणाओं के लिए लाउडस्पीकर की व्यवस्थित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश मिलते रहें। साथ ही नगर पालिका अधिकारियों को घाटों की नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण में लापरवाही न करने के लिए आगाह किया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, क्योंकि इससे श्रद्धालुओं में डर या असुविधा उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के समय जॉइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर श्रुति शर्मा, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी अव्यवस्था या आपदा की स्थिति से निपटने के लिए रिस्क मैनेजमेंट टीम और रेस्क्यू कर्मी हर घाट पर तैनात रहें।
डीएम ने कहा, “छठ पर्व लोक आस्था, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक है। प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि हर श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सके।”
इसे भी पढ़ें : देवरिया: बाबा महेंद्रनाथ मंदिर की भूमि से प्रशासन ने हटवाया अवैध कब्जा, जेसीबी से ढहाए गए अतिक्रमण
➤ You May Also Like









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































