द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : राजधानी के पॉश पटेल नगर इलाके में मंगलवार शाम समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई से एक 26 वर्षीय युवक की जान बच गई। पेट्रोलिंग पर तैनात हेड कांस्टेबल योगेश और कांस्टेबल अजय ने महिला की चीखें सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे हेड कांस्टेबल योगेश और कांस्टेबल अजय इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी महिला की तेज चीख सुनाई दी। आवाज का पीछा करते हुए दोनों पुलिसकर्मी एक पांच मंजिला इमारत तक पहुंचे, जहां प्रवेश द्वार पर एक महिला घबराई हुई हालत में मिली। महिला ने किसी तरह बताया कि उसके बेटे ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और जान देने की कोशिश कर रहा है।
पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घर में प्रवेश किया। हेड कांस्टेबल योगेश ने बताया कि घर में तीन कमरे थे और महिला की घबराहट के कारण सही कमरे तक पहुंचने में मुश्किल हो रही थी। काफी प्रयास के बाद एक कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक छत के पंखे से बेडशीट के सहारे लटका हुआ मिला। वह बेहोश हो चुका था और उसकी हालत बेहद नाजुक थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल अजय ने तुरंत युवक को सहारा दिया, जबकि हेड कांस्टेबल योगेश ने उपलब्ध साधनों से फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। दोनों की त्वरित कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तब तक परिवार के सदस्य और कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंच गए।
युवक न तो खड़ा हो पा रहा था और न ही बोलने की स्थिति में था। पुलिसकर्मियों ने उसे बैठाकर पानी पिलाया और प्राथमिक मदद दी। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद देर रात उसे छुट्टी दे दी गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार लंबे समय से संपत्ति विवाद के कारण तनाव में था। साथ ही एक वर्ष पहले पिता के निधन के बाद युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
डीसीपी (सेंट्रल) निधिन वाल्सन ने दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समय पर मौजूदगी से एक अनमोल जान बचाई जा सकी। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, परिवार और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का आभार जताया है।
इसे भी पढ़ें : प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से की सगाई, रणथंभौर में समारोह की तैयारी
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































