Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

बजट 2026 पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया: हाई ग्रोथ, हाई कैपेक्स और विकसित भारत की मजबूत नींव

Published on: February 2, 2026
PM Modi's first statement on Budget 2026

द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : बजट 2026 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने बजट को “अनोखा” बताते हुए कहा कि यह राजकोषीय घाटा कम करने, महंगाई को नियंत्रण में रखने और साथ ही हाई कैपेक्स व हाई ग्रोथ के संतुलित संयोजन पर केंद्रित है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई बड़े और दूरदर्शी कदम उठाए गए हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देशभर में जलमार्गों (वाटर वेज) का विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष फोकस और शहरों को मजबूत आर्थिक आधार देने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा — ये सभी कदम विकसित भारत की यात्रा को तेज करेंगे।

भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प

पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट भारत की वैश्विक भूमिका को नए सिरे से मजबूत करता है। उन्होंने कहा, “भारत के 140 करोड़ नागरिक सिर्फ सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं हैं। हम जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं। यह करोड़ों देशवासियों का साझा संकल्प है।”

उन्होंने यह भी कहा कि एक विश्वसनीय लोकतांत्रिक भागीदार और भरोसेमंद गुणवत्ता आपूर्तिकर्ता के रूप में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है। हाल के बड़े अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों का अधिकतम लाभ युवाओं और लघु व मध्यम उद्योगों (MSMEs) तक पहुंचे, इसके लिए बजट में अहम प्रावधान किए गए हैं।

मेक इन इंडिया और सनराइज सेक्टर को नई रफ्तार

प्रधानमंत्री ने बताया कि बजट 2026 में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया गया है। उभरते हुए सनराइज सेक्टर्स को जिस मजबूती से समर्थन दिया गया है, वह अभूतपूर्व है और इससे देश में रोजगार व नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

कृषि, डेयरी और फिशरीज पर खास जोर

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने हमेशा कृषि, डेयरी और फिशरीज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस बजट में भी नारियल, कोको, काजू और चंदन की खेती से जुड़े किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

टूरिज्म, नॉर्थ ईस्ट और महिला सशक्तिकरण पर फोकस

प्रधानमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि बजट में टूरिज्म, खासकर पूर्वोत्तर भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस पहल की गई है। राज्यों को सशक्त बनाकर संतुलित विकास की नींव मजबूत की गई है। उन्होंने कहा कि देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी हैं और यह एक बेहद सफल अभियान रहा है। महिलाओं द्वारा संचालित SHGs के लिए आधुनिक इकोसिस्टम बनाने को बजट में प्राथमिकता दी गई है। पीएम मोदी ने कहा, “हमारी कोशिश है कि हर घर में लक्ष्मी जी पधारें।”

2047 के विकसित भारत की नींव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बजट 2026 वर्तमान के सपनों को साकार करने के साथ-साथ भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। यह बजट 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत आधार है।

उन्होंने कहा, “आज भारत जिस रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा और नई गति मिलेगी। ये पाथ-ब्रेकिंग रिफॉर्म्स आकांक्षाओं से भरे हमारे युवाओं को उड़ान भरने के लिए खुला आसमान देते हैं।”


इसे भी पढ़ें : तरकुलवा: गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में वायरल अश्लील डांस पर स्कूल का स्पष्टीकरण, शिक्षक नहीं यूट्यूबर था वीडियो में

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply