द देवरिया न्यूज़,इस्लामाबाद : पाकिस्तान को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने के संकेत मिले हैं। सरकारी कंपनी ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तेल और गैस के नए भंडार मिलने की घोषणा की है। कंपनी ने पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज को भेजे नोटिस में बताया कि कोहाट जिले में स्थित बरागजई कुएं से रोजाना 3,100 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही यहां से प्रतिदिन 81.5 लाख क्यूबिक फीट प्राकृतिक गैस भी निकाली जा रही है।
एक महीने में तीसरी बड़ी खोज
एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक, कुएं से 32/64 इंच चोक के जरिए 3,010 पाउंड प्रति वर्ग इंच गेज के वेलहेड फ्लोइंग प्रेशर पर उत्पादन किया जा रहा है। OGDCL ने इसे बरागजई कुएं में एक महीने के भीतर तीसरी महत्वपूर्ण खोज बताया है। इससे पहले इसी महीने दत्ता फॉर्मेशन से खोज की जानकारी दी गई थी, जबकि पहली खोज की घोषणा पिछले महीने की गई थी।
तेल उत्पादन में 14.5 फीसदी की बढ़ोतरी
एक महीने में हुई तीन खोजों से पाकिस्तान के रोजाना तेल उत्पादन में करीब 9,480 बैरल की बढ़ोतरी हुई है। यह देश के कुल घरेलू कच्चे तेल उत्पादन का लगभग 14.5 फीसदी है, जो फिलहाल करीब 66,000 बैरल प्रतिदिन है। OGDCL ने कहा कि यह खोज घरेलू संसाधनों के जरिए ऊर्जा आपूर्ति और मांग के बीच के अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी और देश के हाइड्रोकार्बन भंडार को मजबूत करेगी।
आर्थिक संकट के बीच ऊर्जा आत्मनिर्भरता की कोशिश
यह खोज ऐसे समय में सामने आई है जब पाकिस्तान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और महंगे तेल-गैस आयात पर निर्भरता कम करने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसी रणनीति के तहत पिछले साल के अंत में पाकिस्तान ने सरकारी और निजी कंपनियों के साथ तेल और गैस की खोज के लिए पांच समझौते किए थे, जिनमें तीन ऑफशोर और दो ऑनशोर ब्लॉकों का विकास शामिल है।
इसके अलावा नवंबर 2025 में पाकिस्तान सरकार ने 40 ऑफशोर ब्लॉकों की नीलामी की थी, जिनके लिए चार कंसोर्टिया से 23 बोलियां मिलीं। इन कंसोर्टिया ने शुरुआती खोज चरण के लिए 8 करोड़ डॉलर के निवेश का वादा किया है, जो आगे के चरणों में बढ़कर 1 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली में जुलाई तक बदल सकती हैं बिजली दरें, DERC जल्द कर सकता है नया टैरिफ घोषित
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































