द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : OpenAI ने ChatGPT Health नाम से एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से यूजर्स मेडिकल से जुड़ी सलाह ले सकेंगे और अपने हेल्थ डेटा को बेहतर तरीके से पढ़ व समझ सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स को ChatGPT के भीतर ही सेहत से जुड़ी बातचीत के लिए एक अलग और सुरक्षित सेक्शन उपलब्ध कराएगा।
OpenAI के मुताबिक, हर हफ्ते 23 करोड़ से ज्यादा लोग ChatGPT पर स्वास्थ्य और सेहत से जुड़े सवाल पूछते हैं। ऐसे में ChatGPT Health को खासतौर पर इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि लोग मेडिकल सवालों के जवाब आसानी से समझ सकें और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
मेडिकल बातचीत रहेगी सामान्य चैट से अलग
अब तक लोग ChatGPT से सामान्य चैट के दौरान ही मेडिकल समस्याओं के बारे में सवाल पूछते थे। ChatGPT Health इस तरह की बातचीत को अन्य चैट से अलग रखेगा। इससे यूजर्स का हेल्थ कॉन्टेक्स्ट सामान्य बातचीत में सामने नहीं आएगा। अगर कोई यूजर हेल्थ सेक्शन के बाहर मेडिकल सवाल पूछता है, तो AI उसे हेल्थ सेक्शन में जाने का सुझाव देगा।
मेडिकल हिस्ट्री को रखेगा याद
ChatGPT Health में AI उन जानकारियों को याद रख सकेगा, जिनके बारे में यूजर पहले बात कर चुका है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी यूजर ने पहले मैराथन ट्रेनिंग प्लान को लेकर बातचीत की है, तो हेल्थ सेक्शन में फिटनेस गोल पर चर्चा के दौरान AI को पता होगा कि यूजर एक रनर है। इसका मतलब है कि अगर यूजर अपनी मेडिकल या फिटनेस हिस्ट्री साझा करता है, तो ChatGPT भविष्य में उसी आधार पर ज्यादा सटीक जवाब दे सकेगा।
वेलनेस ऐप्स से होगा इंटीग्रेशन
ChatGPT Health को Apple Health, Function और MyFitnessPal जैसे वेलनेस ऐप्स के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा। इससे AI यूजर की अनुमति से उनकी पर्सनल जानकारी या मेडिकल रिकॉर्ड को समझ पाएगा। हालांकि, OpenAI ने साफ किया है कि हेल्थ से जुड़ी बातचीत का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा।
क्यों बनाया गया ChatGPT Health
OpenAI के एप्लीकेशन्स सीईओ फिजी सिमो ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि ChatGPT Health को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी मौजूदा समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इलाज महंगा होना, डॉक्टरों के पास समय की कमी और इलाज में निरंतरता न होना जैसी समस्याएं आम हैं। ChatGPT Health इन चुनौतियों को कम करने में सहायक हो सकता है।
डेटा की सुरक्षा पर जोर
OpenAI ने दोहराया है कि हेल्थ से जुड़ी बातचीत पूरी तरह प्राइवेट रहेगी और इसका इस्तेमाल मॉडल ट्रेनिंग के लिए नहीं किया जाएगा। यह फीचर यूजर्स को उनकी स्वास्थ्य जानकारी की सुरक्षा को लेकर भरोसा देता है।
फिलहाल वेटलिस्ट में करें रजिस्ट्रेशन
ChatGPT Health को आने वाले हफ्तों में रोलआउट किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल इच्छुक यूजर्स वेटलिस्ट जॉइन कर सकते हैं।
इसके लिए https://openai.com/index/introducing-chatgpt-health/ पर जाकर “Join Waitlist” पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें।
जैसे ही इस फीचर का एक्सेस मिलेगा, ChatGPT की ओर से ईमेल के जरिए सूचना भेज दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : नेपाल में देवरिया के खिलाड़ियों का जलवा, इंडो-नेपाल मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में जीते 5 पदक
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































