द देवरिया न्यूज़,लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बाराबिरवा, कानपुर रोड स्थित संत रविदास मठ में संत रविदास जी की प्रतिमा और नव-निर्मित सभागार का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का प्रकटीकरण 649 वर्ष पूर्व काशी के सीर गोवर्धन में हुआ था। इतने वर्षों बाद भी उनकी दिव्य आभा समाज को आलोकित कर रही है और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ऐसे समय में अवतरित हुए, जब देश विदेशी आक्रांताओं से त्रस्त था, लेकिन उन्होंने साधना की पवित्रता को कर्म की साधना में बदलकर समाज को नई दिशा दी।
कर्म, शुद्ध मन और लोककल्याण का संदेश
सीएम योगी ने कहा कि संत रविदास ने वैष्णव परंपरा के अनुरूप उपासना का मार्ग दिखाया, जिसमें कर्म की प्रधानता, मन की शुद्धता और लोककल्याण का भाव निहित है। उन्होंने संत रविदास के प्रसिद्ध वाक्य “मन चंगा तो कठौती में चंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में सब कुछ कर्म पर निर्भर करता है—अच्छे कर्म का फल अच्छा और बुरे कर्म का फल बुरा ही मिलता है।
उन्होंने बताया कि जगद्गुरु रामानंदाचार्य से दीक्षा प्राप्त करने के बाद संत रविदास ने कर्म साधना के माध्यम से समाज सेवा और लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया।
संतों ने समाज को जोड़ा, विभाजन का नहीं दिया अवसर
सीएम योगी ने समाज में भेदभाव के आरोप लगाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यकाल में जगद्गुरु रामानंदाचार्य ने समाज को जोड़ने के लिए विभिन्न जातियों से 12 शिष्य बनाए। उस दौर में संतों द्वारा समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य अद्भुत था और वर्तमान भारत उसी मजबूत नींव पर खड़ा है। गुलामी के बंधनों को तोड़ने की प्रेरणा भी हमें संतों की शिक्षाओं से ही मिली।
संत रविदास की वाणी कभी व्यर्थ नहीं जाती
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने ऐसे राज्य की कल्पना की थी, जहां सभी को अन्न मिले, कोई भूखा न सोए और हर व्यक्ति सम्मानजनक जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि मुगल काल, ब्रिटिश शासन और आजादी के बाद की कई सरकारों ने संत रविदास की प्रेरणाओं को भुला दिया, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी शिक्षाओं को धरातल पर उतारा गया।
सीएम योगी ने बताया कि गरीबों के जनधन खाते खुलवाकर योजनाओं का लाभ सीधे खातों में पहुंचाया गया। शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस, मुफ्त बिजली कनेक्शन, राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल में भी सद्गुरु रविदास की ही प्रेरणा है।
डबल इंजन सरकार ने जताई महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता
सभागार के लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता भाव रखती है। नए सभागार के निर्माण से अब सर्दी, गर्मी और बरसात में भी कार्यक्रमों के आयोजन में कोई परेशानी नहीं होगी और भजन मंडली, भक्त व वक्ता एक साथ बैठकर कार्यक्रम कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सीर गोवर्धन में आज देशभर से करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। 2017 से पहले वहां न तो उचित सड़क थी और न ही लंगर हॉल। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से डबल इंजन सरकार ने संत रविदास की जन्मभूमि को फोरलेन सड़क से जोड़ा, लंगर हॉल का निर्माण कराया, जहां 50 हजार लोग एक साथ भोजन कर सकते हैं, और वहां भव्य धाम का निर्माण किया गया, जिसकी मूर्ति पांच किलोमीटर दूर से भी दिखाई देती है।
विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहने की अपील
सीएम योगी ने कहा कि सभी को संतों और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने चेताया कि विभाजनकारी ताकतें समाज को बांटने की कोशिश करेंगी, लेकिन गुलामी के दौर को याद रखते हुए उन्हें सिर उठाने का अवसर नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संतों की दिव्य साधना से प्राप्त सिद्धियों का लाभ पूरे देश को मिलेगा। देश की एकता और संप्रभुता के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सनातन धर्म से जुड़े प्रमुख स्थलों—वाल्मीकि जी का लालापुर, तुलसीदास जी का राजापुर, विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट, अयोध्या, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य, मथुरा-वृंदावन और भगवान बुद्ध से जुड़े बौद्ध सर्किट समेत 1200 से अधिक धार्मिक स्थलों का पुनरोद्धार किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका प्रयास, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए सरकार ने सबका विश्वास जीतने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
इसे भी पढ़ें : संभल पुलिस ने एटीएम कैश चोरी का किया खुलासा, हरिद्वार का शातिर आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































