द देवरिया न्यूज़,देवरिया। जनपद में पड़ रही भीषण ठंड और लगातार छाए घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
यह आदेश जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालय आगामी 14 जनवरी तक बंद रहेंगे।
बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इसमें परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संबद्ध सभी स्कूल शामिल हैं। किसी भी विद्यालय को आदेश की अवहेलना की अनुमति नहीं दी जाएगी। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिली है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड और घने कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में कठिनाई हो रही थी, वहीं कम दृश्यता के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास 24 से 26 दिसंबर तक बंद, नियमित कांसुलर सेवाएं रहेंगी स्थगित
➤ You May Also Like









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































