द देवरिया न्यूज़/पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित एमएलए डुप्लेक्स आवास परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर में बने आवासों, उनकी संरचना और उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि हर आवास पर निर्वाचन क्षेत्र संख्या और विधानसभा क्षेत्र का नाम स्पष्ट रूप से अंकित किया गया है।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने नई आवासीय परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि यह परिसर आधुनिक सुविधाओं से लैस है और जनप्रतिनिधियों को बेहतर व व्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निर्देश दिया कि नवनिर्वाचित विधायकों को जल्द ही निर्वाचन क्षेत्र के आधार पर आवास आवंटित कर दिए जाएं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस डुप्लेक्स बंगले
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आवासों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कहा कि यह परिसर “बेहद उत्कृष्ट और आधुनिक मानकों के अनुरूप” तैयार किया गया है। इन डुप्लेक्स बंगलों का निर्माण विधायकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रहने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।
परियोजना की मुख्य विशेषताएँ:
246 तैयार डुप्लेक्स आवास, प्रत्येक लगभग 3693 वर्गफीट क्षेत्र में
परिसर का निर्माण 44.41 एकड़ भूमि पर
सभी आवासों पर निर्वाचन क्षेत्र संख्या व विधानसभा क्षेत्र नाम अंकित
परिसर में हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध
पूरा परिसर ‘जीरो डिस्चार्ज सिस्टम’ पर आधारित
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और वर्षा जल संचयन सिस्टम स्थापित
एमएलसी के लिए आवास पहले ही अलग से निर्मित
पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया
नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवंटन प्रक्रिया जल्द और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र संख्या पहले से अंकित होने से आवंटन में सुविधा होगी और विधायकों को अपने संबंधित क्षेत्र के आधार पर आवास सहजता से मिल जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : उत्तर भारत में ठंड का बड़ा अलर्ट: ला नीना के कारण इस बार रिकॉर्ड ठिठुरन की संभावना
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































