द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद हाई कमीशन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
VHP कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि बांग्लादेश में हिंदुओं के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और जनवरी से अब तक 50 से अधिक गैर-मुस्लिमों की हत्या हो चुकी है। उनका आरोप है कि कई मामलों में अल्पसंख्यकों को झूठे ईशनिंदा मामलों में भी फंसाया जा रहा है।
पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन के पास एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए बांग्लादेश उच्चायोग की ओर बढ़े। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स को धक्का दिया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और कड़ी जांच की गई।
प्रदर्शनकारी ‘भारत माता की जय’, ‘यूनुस सरकार होश में आओ’ और ‘हिंदू हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाते नजर आए। एक प्रदर्शनकारी ने भावुक होकर कहा कि बांग्लादेश में हिंदू असुरक्षित हैं और उनकी बहनों-बेटियों की गरिमा खतरे में है।
कूटनीतिक स्तर पर भी हलचल
इस घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश ने भारत के हाई कमिश्नर प्रणय वर्मा को तलब किया है। बांग्लादेश की ओर से भारत में स्थित उसके मिशनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। वहीं, भारत सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि हालिया घटनाओं और बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश ने भारत में अपनी वाणिज्य दूतावास और वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। इस मुद्दे ने भारत-बांग्लादेश संबंधों और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
इसे भी पढ़ें : नई दिल्ली: अरावली विवाद पर केंद्र सरकार का स्पष्टीकरण, भूपेंद्र यादव बोले—भ्रम फैलाया जा रहा
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































