द देवरिया न्यूज़,देवरिया : तरकुलवा थाना क्षेत्र में एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूल गई 11वीं कक्षा की छात्रा चार दिन बीत जाने के बावजूद घर नहीं लौटी, जिससे परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी पड़ोस के एक कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वह घर से निकली थी। परिजनों को उम्मीद थी कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह रोज की तरह घर लौट आएगी, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं आई तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, सहेलियों और आसपास के इलाकों में किशोरी की तलाश की। संभावित स्थानों पर पूछताछ की गई, लेकिन कहीं से भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। चार दिन तक लगातार खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग न लगने पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुशीनगर जनपद के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत सखवनिया गांव निवासी विकास यादव पुत्र स्वर्गीय उमेश यादव के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किशोरी की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस किशोरी के मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और आरोपी युवक के संपर्कों की भी जांच कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कोई अहम सुराग मिल सके।
इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई कर किशोरी को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: मलसी चौराहे पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित, दो लोग गंभीर रूप से घायल
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































