द देवरिया न्यूज़,गोरखपुर : पीपीगंज थाना क्षेत्र के पचगहवां ग्रामसभा स्थित गुरम पोखरा में एक नाबालिग किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान हरपुर निवासी 16 वर्षीय रितिका सिंह के रूप में हुई है, जो पीपीगंज के हरपुर स्थित एमवी इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक रितिका गुरुवार शाम से घर से लापता थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने पोखरे में किशोरी का शव तैरता देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नार्थ फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र कराए। शुरुआती जांच में शव की स्थिति और हालात को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एसपी नार्थ के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : ठाकरे बंधुओं की सियासी एकजुटता: 29 नगर निगम चुनाव साथ लड़ेंगे, संयुक्त रैलियों की तैयारी
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































