द देवरिया न्यूज़,कोलकाता : संसद में वंदे मातरम को लेकर चल रही गरमागरम बहस के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भाजपा नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर और राजा राम मोहन राय जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं विचारकों की सराहना नहीं करती, तो आखिर करती किसकी है? ममता ने कहा, “मैंने सुना कि भाजपा के कुछ लोग कह रहे हैं कि वे नेताजी की सराहना नहीं करते। अगर आप नेताजी, टैगोर और राजा राम मोहन राय का सम्मान नहीं करते, तो किसका करते हैं?”
भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम से दूरी पर सफाई
कोलकाता में हुए भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम में न जाने पर ममता बनर्जी ने कहा कि वह इसलिए नहीं पहुंचीं क्योंकि यह कार्यक्रम सीधे भाजपा से जुड़ा हुआ था। संतनन संस्कृति संसद की ओर से आयोजित इस बड़े कार्यक्रम को 2026 के चुनाव से पहले बंगाल में हिंदू पहचान के शक्ति-प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा था।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में ममता ने कहा,
“अगर कार्यक्रम निष्पक्ष होता तो मैं जरूर जाती। मैं सभी धर्मों का सम्मान करती हूं, लेकिन जिस आयोजन से भाजपा जुड़ी हो, उसमें मैं कैसे जा सकती हूं?”
उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे आयोजनों से दूर रहती हैं जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस का सम्मान नहीं होता या महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन नहीं किया जाता।
‘बंगाल का अपमान करने वालों के साथ नहीं’
ममता बनर्जी ने कहा,
“मेरे माता-पिता ने मुझे सिखाया है कि मैं किसी ऐसे आयोजन में न जाऊं जहां बंगाल का अपमान किया जाए। जो लोग बंगला-बिरोधी हैं, मैं उनके साथ नहीं हूं।”
संसद में भी तेज हुई बहस—कांग्रेस का BJP पर वार
लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान कांग्रेस उपनेता गौरव गोगोई ने भी पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिलाने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन प्रधानमंत्री हर चर्चा में नेहरू और कांग्रेस को केंद्र में रखकर बातें करते हैं। गोगोई ने आरोप लगाया कि वास्तविक मुद्दों—सुरक्षा, आतंकी हमलों और प्रदूषण—पर सरकार मौन है।
PM मोदी बोले—‘वंदे मातरम सिर्फ नारा नहीं, प्रेरक मंत्र’
संसद की कार्यवाही के छठे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वंदे मातरम ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश को साहस और ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक स्वतंत्रता का नारा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अभिव्यक्ति है। 1905 के बंगाल विभाजन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि अंग्रेजों की ‘डिवाइड एंड रूल’ नीति के बावजूद वंदे मातरम आंदोलन की प्रेरणा बना रहा।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में अनोखा मामला: पांच बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, पति ने अंबेडकर नगर जाकर उसी प्रेमी से करा दी शादी
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































