द देवरिया न्यूज़,लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम में कई बेहद अहम बातें हैं, जिन्हें सरकार जानबूझकर छिपा रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश के 36 जिलों में कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामलों में 118 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिससे साफ है कि यूपी में लंबे समय से कफ सिरप का काला कारोबार फल-फूल रहा था।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार और उसके समर्थक कुछ तस्वीरें दिखाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “अगर सिर्फ तस्वीरों के आधार पर ही किसी को माफिया मान लिया जाए, तो मेरी तस्वीर मुख्यमंत्री के साथ भी है और डिप्टी सीएम के साथ भी है। मजबूरी मैं समझ सकता हूं, लेकिन सच को छिपाया नहीं जा सकता।”
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र तक फैला अवैध धंधा
सपा प्रमुख ने दावा किया कि कोडीन कफ सिरप का अवैध कारोबार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र तक फैला हुआ है और इसकी अनुमानित कीमत हजारों करोड़ रुपये में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके साथ खड़े लोग इस पूरे मामले में झूठ बोल रहे हैं और ऐसी बातें कह रहे हैं, जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में माफियाओं के खिलाफ है, तो जिन-जिन लोगों की तस्वीरें उनके साथ दिखाई जा रही हैं, उनके घरों पर भी बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने कहा, “चाहे ‘कालीन भैया’ हों या ‘कोडीन भैया’, इस अवैध धंधे में शामिल हर व्यक्ति पर एक जैसी कार्रवाई होनी चाहिए। चयनात्मक कार्रवाई से सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं।”
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने पुलिस प्रशासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर अपनी बात न रख सकें, इसके लिए पूरी पुलिस से ‘सिटी’ बजवाई जाती है। इसके अलावा उन्होंने पूर्व विधायक दीपक यादव को फर्जी मामले में जेल भेजे जाने का भी आरोप लगाया।
शायराना अंदाज में साधा था निशाना
इससे एक दिन पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शायराना अंदाज में सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने लिखा था, “जब खुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।” इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “फुल दो हॉफ हैं, यूं तो आपस में खिलाफ हैं। कोडीन के मारे ये सारे, आज डर के मारे साथ हैं।”
एसटीएफ पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि नशाखोरी और अवैध कफ सिरप की जांच के लिए सिर्फ एसटीएफ ही नहीं, बल्कि जीटीएफ (गवर्नमेंट टास्क फोर्स) भी बना दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीली और अवैध कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ भी कारोबारियों से मिली हुई है, क्योंकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सब समझ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपाइयों के चेहरों पर घबराहट क्यों दिख रही है। उनका कहना था कि कोडीन कफ सिरप की सच्चाई वे खुद जानते हैं, तभी वे खुद इसे नहीं पीते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद इसी वजह से बीच में किसी को खांसी भी आ गई।
इसे भी पढ़ें : संसद में दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण पर हंगामा, सरकार बोली—AQI और फेफड़ों की बीमारियों के बीच सीधा सबूत नहीं
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































