द देवरिया न्यूज़,ढाका : विदेश मंत्री एस. जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और देश की पहली महिला पीएम रहीं बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाका पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। जयशंकर ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक निजी शोक पत्र भी सौंपा।
हालांकि, इस दौरे के दौरान एक और वजह से जयशंकर चर्चा में रहे। अंतिम संस्कार कार्यक्रम के मौके पर उन्होंने पाकिस्तान के एक वरिष्ठ नेता से हाथ मिलाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं के बीच पहली सार्वजनिक मुलाकात माना जा रहा है।
किस पाकिस्तानी नेता से हुई मुलाकात
जयशंकर ने जिस पाकिस्तानी नेता से हाथ मिलाया, वे सरदार अयाज सादिक हैं, जो पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर हैं। यह मुलाकात पूरी तरह अनौपचारिक बताई जा रही है और इसमें द्विपक्षीय संबंधों या किसी राजनीतिक मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई। इसी वजह से इस मुलाकात की तस्वीरें न तो भारतीय विदेश मंत्रालय और न ही खुद जयशंकर की ओर से साझा की गईं।
शहबाज शरीफ के करीबी माने जाते हैं अयाज सादिक
सरदार अयाज सादिक को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का करीबी माना जाता है। वे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद उन्होंने तत्कालीन पाक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी पर तंज कसते हुए कहा था कि भारतीय पायलट अभिनंदन की रिहाई को लेकर पाकिस्तान पर दबाव था।
खालिदा जिया को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
खालिदा जिया का अंतिम संस्कार ढाका के मानिक मियां एवेन्यू में किया जाएगा, जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि और विदेशी गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इसके बाद उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अपराह्न करीब 3:30 बजे उनके पति, दिवंगत राष्ट्रपति और स्वतंत्रता सेनानी जियाउर रहमान की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। तीन बार प्रधानमंत्री रहीं खालिदा जिया का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
इसे भी पढ़ें : केजीएमयू लव जिहाद/धर्मांतरण मामले की जांच समिति में बदलाव, महिला डॉक्टर और रिटायर्ड IPS शामिल
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































