द देवरिया न्यूज़ : भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया। बुमराह ने पहली पारी में तीन विकेट झटके और इसी के साथ वे भारत में सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए। उन्होंने पूर्व दिग्गज जवागल श्रीनाथ के रिकॉर्ड की बराबरी की।
वेस्टइंडीज की पारी 162 पर ढेर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 162 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सबसे ज्यादा 32 रन जस्टिन ग्रीव्स ने बनाए। पूरी टीम साढ़े चार घंटे के भीतर पवेलियन लौट गई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।
तेजी से गिरे विकेट
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले घंटे में ही टीम ने 42 रन पर चार विकेट गंवा दिए।
सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (0), ब्रैंडन किंग (12) और एलिक एथनाजे (13) को आउट किया।
बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8) को पवेलियन भेजा।
इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज (24) और शाई होप (26) ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की, लेकिन कुलदीप यादव ने होप को बोल्ड कर यह जोड़ी तोड़ दी।
दूसरे सत्र में भी भारतीय गेंदबाज हावी रहे। सिराज ने कप्तान चेज को आउट किया, फिर सुंदर ने खेरी पियरे (11) को एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद बुमराह ने लगातार दो घातक यॉर्कर से जस्टिन ग्रीव्स (32) और जोहान लेन (1) को बोल्ड कर दिया। कुलदीप यादव ने वॉरिकन (8) को विकेटकीपर जुरेल के हाथों कैच कराया और पूरी पारी 162 रन पर सिमट गई।
बुमराह की बड़ी उपलब्धि
जसप्रीत बुमराह ने इस पारी में तीन विकेट झटककर भारत में टेस्ट क्रिकेट में 24 पारियों में 50 विकेट पूरे कर लिए। वे इस मामले में भारत के दिग्गज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ की बराबरी पर पहुंच गए हैं।
इस खास सूची में—
बुमराह और श्रीनाथ: 24 पारियों
कपिल देव: 25 पारियों
ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी: 27 पारियों
बुमराह का यह प्रदर्शन दिखाता है कि वे न सिर्फ सीमित ओवर क्रिकेट बल्कि लंबे प्रारूप में भी लगातार खतरनाक साबित हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को मिला तोहफा: डीए-डीआर में तीन फीसदी की बढ़ोतरी, अब दर 58%
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































