द देवरिया न्यूज़,ढाका | राजनीतिक डेस्क
बांग्लादेश में आगामी आम चुनावों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने दो टूक कहा है कि देश में मतदान 12 फरवरी को तय समय पर ही होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव न तो पहले कराए जाएंगे और न ही टाले जाएंगे।
मोहम्मद यूनुस ने यह बयान उस समय दिया, जब अमेरिका के पूर्व वरिष्ठ राजनयिक अल्बर्ट गोम्बिस और मोर्स टैन ने ढाका स्थित स्टेट गेस्ट हाउस ‘जमुना’ में उनसे मुलाकात की। दोनों राजनयिक डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिकी प्रशासन में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
फेक न्यूज पर जताई चिंता
यूनुस ने कहा कि चुनाव को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है और फेक न्यूज की बाढ़ आई हुई है। इसके बावजूद अंतरिम सरकार अपने वादे पर कायम है और चुनाव संपन्न होने के बाद लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को सत्ता सौंप दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “कोई कुछ भी कहे, मतदान 12 फरवरी को ही होगा। यह प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रहेगी, जिसमें उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा।”
निष्पक्ष चुनाव का भरोसा
मुख्य सलाहकार ने भरोसा दिलाया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान अंतरिम सरकार पूरी तरह तटस्थ रहेगी, ताकि सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मिल सके और प्रशासन की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे।
अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
करीब एक घंटे चली बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई संवेदनशील विषयों पर बातचीत हुई। इनमें आगामी चुनाव, पिछले वर्ष हुए सत्ता परिवर्तन के बाद की स्थिति, युवा आंदोलनों की भूमिका, जुलाई चार्टर, जनमत संग्रह, चुनावों को प्रभावित करने वाली फेक न्यूज, एआई-जनरेटेड भ्रामक सामग्री और रोहिंग्या संकट जैसे मुद्दे शामिल रहे।
तानाशाही की वापसी से किया इनकार
मोहम्मद यूनुस ने कहा कि बांग्लादेश भविष्य में ऐसे लोकतांत्रिक रास्ते पर आगे बढ़ेगा, जहां तानाशाही के लिए कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व तानाशाही शासन के समर्थक गलत सूचनाओं के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि यूनुस ने यह भी कहा कि जनता अब सतर्क है और एआई से बनाई गई भ्रामक सूचनाओं को पहचानने में सक्षम हो चुकी है। अंतरिम सरकार के इस सख्त और स्पष्ट रुख के बाद बांग्लादेश की सियासत में चुनावों को लेकर जारी असमंजस काफी हद तक खत्म होता नजर आ रहा है।
इसे भी पढ़ें : OnePlus Open 2 और OnePlus 15s की लॉन्चिंग रद्द होने की संभावना, कंपनी ने बदली रणनीति
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































