द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज 12–13 जनवरी को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आ रहे हैं। खास बात यह है कि वह दिल्ली न जाकर सीधे गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मर्ज का बेंगलुरु जाने का कार्यक्रम है। इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान उनके दिल्ली आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का अहमदाबाद में स्वयं मौजूद रहकर जर्मन चांसलर की अगवानी करना इस यात्रा के रणनीतिक महत्व को दर्शाता है। मर्ज पीएम मोदी के कार्यकाल में अहमदाबाद पहुंचने वाले छठे वैश्विक नेता होंगे।
यूरोपियन यूनियन यात्रा से पहले अहम भारत दौरा
जर्मन चांसलर की यह यात्रा यूरोपियन यूनियन के शीर्ष नेताओं की प्रस्तावित भारत यात्रा से ठीक पहले हो रही है। ईयू के नेता भारत-यूरोपियन यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को अंतिम रूप देने के लिए भारत आएंगे। अमेरिका के साथ जारी टैरिफ विवाद के बीच यह समझौता भारत के लिए अहम माना जा रहा है। इसके अलावा फरवरी में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आएंगे।
बदलते जियो-पॉलिटिकल हालात में अहम मुलाकात
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है और अमेरिका की आक्रामक टैरिफ नीति वैश्विक अस्थिरता बढ़ा रही है। वेनेजुएला, क्यूबा और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी रुख से भी अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण बन रहे हैं। इसी साल भारत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेगा, जिससे ग्लोबल साउथ में भारत की भूमिका और मजबूत होगी।
भारत-जर्मनी सहयोग पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज के बीच व्यापार, निवेश, सुरक्षा और टेक्नोलॉजी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, कौशल विकास, मोबिलिटी, विज्ञान, इनोवेशन, रिसर्च और ग्रीन व सस्टेनेबल डेवलपमेंट भी एजेंडे में शामिल हैं। गौरतलब है कि 2024 में भारत और जर्मनी ने इंडो-जर्मन ग्रीन हाइड्रोजन रोडमैप लॉन्च किया था, जिसका उद्देश्य भारत में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन, खपत और निर्यात को बढ़ावा देना है।
पीएम मोदी के कार्यकाल में अहमदाबाद पहुंचे वैश्विक नेता
शी जिनपिंग (2014) – चीन के राष्ट्रपति, साबरमती रिवरफ्रंट पर कार्यक्रम
शिंजो आबे (2017) – जापान के प्रधानमंत्री, भारत-जापान शिखर सम्मेलन
बेंजामिन नेतन्याहू (2018) – इजरायल के प्रधानमंत्री, रोड शो
डोनाल्ड ट्रंप (2020) – ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम
शेख मोहम्मद बिन जायद (2024) – UAE राष्ट्रपति, वाइब्रेंट गुजरात समिट
इसे भी पढ़ें : बघौचघाट : कोईरीपट्टी पंचायत भवन में चोरी, सीसीटीवी तोड़कर कंप्यूटर-इनवर्टर बैट्री समेत सामान ले उड़े चोर
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































