द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोमोज खिलाने का लालच देकर तीन युवकों ने एक नाबालिग किशोर से करीब 85 लाख रुपये के जेवरात ठग लिए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर की अलमारी से गहने गायब मिले।
भगवानपुर तिवारी गांव निवासी विमलेश मिश्र वाराणसी में एक मंदिर में पुजारी हैं। उनका नाबालिग बेटा गांव में रहकर कक्षा सातवीं की पढ़ाई करता है। परिजनों के अनुसार किशोर को मोमोज खाने की आदत थी। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए देवरिया–कसया मार्ग पर डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान चलाने वाले तीन युवकों ने उससे दोस्ती बढ़ाई।
आरोप है कि युवकों ने किशोर को बहकाकर घर की अलमारी से जेवरात लाने के लिए उकसाया और बदले में मोमोज खिलाने का लालच दिया। किशोर ने अपने पिता और बुआ के घर में रखे कीमती जेवरात धीरे-धीरे दुकानदारों को सौंप दिए।
रविवार को जब विमलेश मिश्र की बहन अपने जेवरात लेने घर पहुंचीं और अलमारी खोली गई, तो सभी के होश उड़ गए। अलमारी पूरी तरह खाली थी। पूछताछ करने पर किशोर ने बताया कि उसने मोमोज खाने के बदले सारे जेवरात डुमरी चौराहे के दुकानदारों को दे दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने रामपुर कारखाना थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ठगे गए जेवरात कहां रखे गए हैं और इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: सेमरी पंचायत में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उत्थान योजना के तहत 100 से अधिक मुसहर परिवारों को मिला निवेश लाभ
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































