द देवरिया न्यूज़, देवरिया/तरकुलवा: जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान प्रमिला देवी (27) पत्नी मुकेश कुमार सिंह निवासी रतनपुरा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
नाश्ता कराने के बाद कमरे में बंद हुई और लगा ली फांसी
परिजनों के अनुसार, शनिवार की सुबह प्रमिला रोज़ की तरह उठी और पूरे परिवार को नाश्ता कराया। इसके बाद पति सहित घर के अन्य सदस्य खेतों में काम करने चले गए। कुछ देर बाद प्रमिला ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक गई।
दो घंटे बाद खुला मृतका का कमरा, अंदर मिला फंदे पर लटका शव
करीब दो घंटे बाद जब परिजन खेत से घर लौटे तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा—प्रमिला फंदे से लटक रही थी। यह देखते ही घर में कोहराम मच गया। पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए
सूचना पर क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी, थाना प्रभारी मृत्युंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने कमरे का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा, पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके कोटवा मिश्र, थाना बगौचघाट से परिजन मौके पर पहुंचे।
मृतका के पिता सरल सिंह ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा:
“यह आत्महत्या नहीं, साजिश के तहत की गई हत्या है। बेटी खुश नहीं थी, उसे कई बार प्रताड़ित किया जाता था।”
पुलिस ने कहा—घटना संदिग्ध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी जांच
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि मामला संदिग्ध है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा:
“परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा तय की जाएगी।”
पोस्टमार्टम हाउस पर भीड़, गांव में शोक
घटना के बाद पूरे रतनपुरा गांव में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: दीनदयाल उपाध्याय पार्क से 4 लाख की सागौन लकड़ी चोरी, तीन सप्ताह बाद भी FIR नहीं
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































