द देवरिया न्यूज़,देवरिया : सर्किल क्षेत्र के भाटपार रानी और बनकटा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान पशु तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पशु तस्करों की घेराबंदी की। इस दौरान मौके से चार गोवंशीय पशु, एक पिकअप वाहन और अवैध हथियार बरामद किए गए। अभियान के दौरान दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद पासवान उर्फ टेनी, पुत्र श्रीकांत मांझी, निवासी बघड़ा, थाना मुफस्सिल, जनपद सिवान (बिहार) और अफरोज आलम उर्फ सुड्डू, पुत्र शलाउद्दीन, निवासी खगौरा, थाना धनौती, जनपद सिवान (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान छोटे अली उर्फ कमरे आलम, पुत्र इब्राहिम अली, निवासी खगौरा, थाना धनौती, जनपद सिवान (बिहार) के रूप में की गई है। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल आरोपी छोटे अली के खिलाफ देवरिया और गोरखपुर जनपद के विभिन्न थानों में पशु तस्करी और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : भारत का पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान अब निजी कंपनी बनाएगी, HAL रेस से बाहर
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































