द देवरिया न्यूज़ ,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों के भीतर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी के पूर्वी हिस्से में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से राज्य के कई इलाकों में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और दिन के चढ़ते तापमान पर लगाम लगेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश का मौसम स्थिर रहेगा और धीरे-धीरे ठंड का अहसास बढ़ने लगेगा।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के कारण पूर्वी हवाएं कमजोर पड़ने लगी हैं। इससे रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। अगले तीन से चार दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक घटने की संभावना है।
दिन और रात दोनों होंगे सामान्य
अब तक प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक चल रहा था, जिससे हल्की गर्माहट महसूस की जा रही थी। लेकिन नए मौसमीय तंत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में दिन और रात का तापमान दोनों सामान्य स्तर तक लौट आएंगे।
29 अक्टूबर से बारिश के आसार
29 अक्टूबर से वाराणसी सहित पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और किसानों को फसलों के लिए राहत मिलेगी।
शुक्रवार को खिली धूप, बढ़ी गर्माहट
शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रही, जिससे दिन में गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि रात के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: बाबा महेंद्रनाथ मंदिर की भूमि से प्रशासन ने हटवाया अवैध कब्जा, जेसीबी से ढहाए गए अतिक्रमण
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































